Campus Boom.
जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जमशेदपुर का मोबाइल वैन बुधवार को बोड़ाम प्रखंड के माधवपुर गांव पहुंचा। यहां राजकीय मध्य विद्यालय में कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन कर स्कूली बच्चों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों और उनके अधिकारों की जानकारी दी गई।
यह कार्यक्रम डालसा के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के निर्देश और डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर में लीगल एड डिफेंस काउंसिल की सदस्य रंजना पांडेय तथा पीएलवी नागेंद्र कुमार, दिलीप जायसवाल, राजेश राव, निताई चंद्र गोराई, गीता रानी दास और मिथिलेश तिवारी उपस्थित रहे।
बच्चों को कानून और अधिकारों की दी जानकारी
जागरूकता शिविर में बच्चों को बाल विवाह, बाल श्रम, पॉक्सो एक्ट, चाइल्ड ट्रैफिकिंग, चाइल्ड प्रोटेक्शन, शिशु प्रोजेक्ट, डायन प्रथा और नशा उन्मूलन सहित विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई।
इसके अलावा बच्चों को नागरिकों के मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, पेंशन योजनाओं, प्राकृतिक आपदा और दुर्घटना बीमा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। टीम ने डालसा के कार्य एवं उद्देश्यों के बारे में बताते हुए कहा कि जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए विधिक सेवा संस्थाएं कार्यरत हैं।
शिविर में बच्चों को बताया गया कि किसी भी कानूनी समस्या या सहायता की आवश्यकता होने पर वे अपने स्थानीय लीगल एड क्लीनिक अथवा सिविल कोर्ट परिसर स्थित डालसा कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


