Campus Boom.
जमशेदपुर। बलिया की मिट्टी से बॉलीवुड तक का सफर और ‘बंबई में का बा’ गीत से मिली पहचान। मशहूर गीतकार डॉ. सागर ने अपने संघर्ष और सफलता की कहानी सुनाकर छाप पुस्तक महोत्सव 3.0 के दूसरे दिन श्रोताओं का दिल जीत लिया। साहित्य कला फाउंडेशन की ओर से आयोजित दो दिवसीय महोत्सव का शनिवार को साहित्य, संवाद और संगीत के बीच भव्य समापन हुआ।
डॉ. सागर ने वैभव मणि त्रिपाठी के साथ संवाद में बताया कि उन्होंने दूसरी कक्षा से ही गीत लिखना शुरू कर दिया था। छठी कक्षा में उनके लिखे गीत आकाशवाणी पर प्रसारित हुए। बलिया से बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) होते हुए मुंबई तक पहुंचने के सफर में उन्होंने अपनी जड़ों से जुड़ाव बनाए रखा।
उन्होंने बताया कि अभिनेता मनोज वाजपेयी द्वारा रैप के रूप में प्रस्तुत गीत ‘बंबई में का बा’ ने उन्हें बॉलीवुड में बड़ी पहचान दिलाई। इसके बाद उन्हें कई फिल्मकारों के साथ काम करने के अवसर मिले। उन्होंने श्रेया घोषाल और अरिजीत सिंह जैसे लोकप्रिय गायकों द्वारा अपने गीत गाए जाने का अनुभव भी साझा किया।
महोत्सव के अंतिम दिन उपन्यासकार सत्य व्यास ने अपनी पुस्तक ‘1931’ के ऐतिहासिक संदर्भों पर चर्चा की। वहीं, लेखक पंकज दुबे ने अपनी अंग्रेजी पुस्तक ‘स्टोरी ऑफ लव : वन स्ट्रिंग अटैच्ड’ के जरिए चाईबासा से लंदन तक के सफर और लेखन की प्रेरणा साझा की।
कार्यक्रम में बांग्ला कवि सुबोध सरकार और उर्दू उपन्यासकार खालिद जावेद की पुस्तकों पर भी विमर्श हुआ। इस दौरान महोत्सव की स्मारिका ‘अक्षर’ का लोकार्पण किया गया। आईजी अनूप बिरथरे ने आयोजन की सराहना की।
अंतिम सत्र में ‘स्वर-ताल’ के तहत भूपिंदर सिंह खिड़िया की कविताओं की संगीतमय प्रस्तुति हुई, जिसमें आशुतोष शिंदे ने तबले पर संगत की। साहित्य, सिनेमा और संगीत के संगम के साथ महोत्सव का समापन हुआ।


