Campus Boom.
जमशेदपुर। उत्क्रमित मध्य विद्यालय, टांगराईन में सोमवार को ‘रीडाथॉन’ (सामूहिक वाचन) गतिविधि आयोजित की गई। इसमें कक्षा एक से आठ तक के करीब 60-70 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। पारंपरिक कक्षा-कक्ष से अलग गतिविधि विद्यालय परिसर के छायादार पेड़ों के नीचे और खुले प्रांगण में कराई गई।
विद्यार्थियों को अलग-अलग समूहों में बांटकर दरी और चबूतरों पर बैठाया गया। बच्चों ने पाठ्यपुस्तकों के साथ रुचिकर पठन सामग्री का सामूहिक वाचन किया। शिक्षक विद्यार्थियों के बीच रहकर उनका मार्गदर्शन करते रहे।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार तिवारी ने कहा कि बच्चों में पठन की आदत विकसित करने के लिए कक्षा से बाहर प्रकृति के सान्निध्य में सीखने का अनुभव प्रभावी है। ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों के पठन कौशल के साथ आत्मविश्वास भी मजबूत होता है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में रीडाथॉन को नियमित रूप से आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा गया। पूरा आयोजन अनुशासित और सहज वातावरण में संपन्न हुआ।


