Campus Boom.
कांड्रा। गम्हरिया स्थित जेवियर स्कूल में विद्यार्थियों के लिए एकदिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान एवं तकनीक से जुड़े विभिन्न मॉडल प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
फादर फ्रांसिस और सेबेस्टियन एसजे ने किया उद्घाटन
विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन एक्सआईटीई कॉलेज के प्रधानाचार्य फादर फ्रांसिस एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य सेबेस्टियन एसजे ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर निर्णायक मंडली एवं अन्य अतिथियों का सम्मान भी किया गया।
नई खोज से देश का नाम रोशन करें विद्यार्थी
विद्यालय के प्रधानाचार्य सेबेस्टियन एसजे ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि वर्तमान समय विज्ञान और तकनीक का युग है। विद्यार्थियों को नई सोच और नई खोज के साथ आगे बढ़ना चाहिए, ताकि वे देश का नाम पूरे विश्व में रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और नवाचार से समाज एवं पूरी दुनिया को लाभ मिल सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को देश का भविष्य बताते हुए निरंतर सीखने और प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।
निर्णायक मंडली ने किया मॉडलों का मूल्यांकन
प्रदर्शनी में प्रस्तुत विज्ञान मॉडलों का मूल्यांकन निर्णायक मंडली ने किया। निर्णायक के रूप में केपीएस गम्हरिया की शिक्षिका भावना सिंह एवं स्वाति बेज, तथा विद्या ज्योति स्कूल के अंशु कुमार झा एवं शुभाशीष मौजूद रहे। निर्णायकों ने विद्यार्थियों के मॉडल और उनकी वैज्ञानिक समझ का अवलोकन किया।
शिक्षकों का रहा महत्वपूर्ण योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या सिस्टर निवेदिता, सिस्टर दीपिका, प्रशासक ब्रदर अमलराज, शिक्षक मिथिलेश प्रसाद सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विज्ञान प्रदर्शनी के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने बच्चों को विज्ञान को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर प्रयोग एवं नवाचार के माध्यम से समझने का अवसर प्रदान किया।


