Campus Boom.
जमशेदपुर। गांधी जयंती के अवसर पर जनवादी लेखक संघ (जलेस) सिंहभूम इकाई की ओर से 2 अक्टूबर को साकची स्थित स्टेट माइल रोड में ‘आज का जन आंदोलन और गांधी’ विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। अध्यक्षता अशोक शुभदर्शी ने की, जबकि संचालन वरुण प्रभात ने किया।
गोष्ठी में वर्तमान सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक और वैश्विक परिप्रेक्ष्य में महात्मा गांधी की वैचारिक पृष्ठभूमि तथा उनकी प्रासंगिकता पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि जन आंदोलन का अर्थ केवल सत्ता के खिलाफ सड़कों पर उतरना नहीं, बल्कि जनता का अपने अधिकार, सम्मान, स्वतंत्रता और बेहतर समाज के लिए सामूहिक रूप से आवाज उठाना है।
वक्ताओं ने कहा कि गांधी की प्रासंगिकता इस बात में नहीं है कि आज के प्रत्येक प्रश्न का उत्तर उनके पास उपलब्ध था, बल्कि उनके सत्य, अहिंसा, जनभागीदारी, आत्मानुशासन, नैतिक साहस और रचनात्मक कार्य की अवधारणाओं में है। आज के आंदोलनों के सामने चुनौती यह है कि विरोध को सामाजिक परिवर्तन की दिशा कैसे दी जाए।
गोष्ठी में कहा गया कि गांधी आंदोलन को केवल सत्ता से संघर्ष तक सीमित नहीं मानते थे। उनके राजनीतिक संघर्ष के साथ शिक्षा, स्वच्छता, ग्राम निर्माण, सामाजिक सुधार, छुआछूत विरोध और स्वावलंबन जैसे रचनात्मक कार्यक्रम भी जुड़े थे। वक्ताओं ने कहा कि आज के जन आंदोलनों को भी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक न्याय, पर्यावरण, लैंगिक समानता, श्रमिक अधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों जैसे ठोस सवालों से जोड़ने की जरूरत है।
सत्याग्रह और अहिंसा की चर्चा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि गांधी का सत्याग्रह केवल धरना, प्रदर्शन या गिरफ्तारी तक सीमित नहीं था। उसमें सत्य के प्रति आग्रह और अन्याय के अहिंसक प्रतिरोध की भावना निहित थी। वर्तमान दौर में असहमति के बढ़ते ध्रुवीकरण के बीच गांधी की अहिंसा और संवाद की अवधारणा पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।
वक्ताओं ने कहा कि गांधी को केवल प्रतिमा, डाक टिकट, सरकारी समारोह या 2 अक्टूबर तक सीमित रखने के बजाय उनके विचारों से संवाद और उनकी आलोचनात्मक पड़ताल आवश्यक है। आज के जन आंदोलनों के संदर्भ में गांधी से जनता की भागीदारी, साधन और लक्ष्य के संबंध तथा विरोध के साथ रचनात्मक कार्य की सीख ली जा सकती है।
विचार गोष्ठी में शैलेन्द्र अस्थाना, राजदेव सिन्हा, डीएनएस आनंद, ज्योत्सना अस्थाना, उदय प्रताप हृयात, देवाशीष मुखर्जी, संजय सोलोमन, प्रदीप कुमार दीपक, अजय महताब और वरुण प्रभात ने विचार रखे। अध्यक्षीय उद्बोधन के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ।


