Campus Boom.
ई-डिजिटल इंडिया स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट, जमशेदपुर की ओर से मंगलवार को जगन्नाथपुर क्षेत्र में एआई जागरूकता, करियर काउंसलिंग एवं जॉब कम करियर फेयर अभियान चलाया गया। अभियान के तहत राजकीय रसेल (+2) उच्च विद्यालय, जगन्नाथपुर डिग्री कॉलेज एवं पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का दौरा कर विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, जनरेटिव एआई, डिजिटल स्किल, उच्च शिक्षा और रोजगार के बदलते अवसरों की जानकारी दी गई।
टाटा मोटर्स में 10 विद्यार्थियों का चयन
जॉब फेयर के दौरान टाटा मोटर्स, एमआरएफ टायर्स समेत विभिन्न कंपनियों में उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी विद्यार्थियों को दी गई। चयन प्रक्रिया के बाद टाटा मोटर्स के लिए 10 विद्यार्थियों, जबकि अन्य रोजगार अवसरों के लिए 5 विद्यार्थियों का चयन किया गया। कुल 15 विद्यार्थियों के चयन से प्रतिभागियों में उत्साह देखने को मिला।
बारिश के बावजूद विद्यार्थियों में दिखा उत्साह
कार्यक्रम के दौरान बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में विद्यार्थी पहुंचे। एआई और आधुनिक तकनीक को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताया कि तकनीकी बदलाव के इस दौर में डिजिटल कौशल और एआई की समझ उनके उच्च शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
ग्रामीण विद्यार्थियों तक पहुंचाने का प्रयास
ई-डिजिटल इंडिया की टीम ने विद्यार्थियों को करियर विकल्पों और कौशल विकास से जुड़ी जानकारी दी। संस्थान की ओर से कहा गया कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक एआई, डिजिटल स्किल और करियर से जुड़ी जानकारी पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम जारी रखे जाएंगे।
शिक्षकों और सहयोगी संस्थानों का रहा योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में ई-डिजिटल इंडिया के रामकृष्ण ठाकुर एवं प्रमोद शर्मा, आर्का जैन विश्वविद्यालय के विवेक सर, एसजीआरएस की सीमा पांडेय एवं नीलम मैडम, लवकुश कुमार, मिटकॉन के मिथिलेश शर्मा सहित राजकीय रसेल (+2) उच्च विद्यालय की प्राचार्या एवं सुषमा मैम, पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की वार्डन कामिनी तथा जगन्नाथपुर डिग्री कॉलेज के शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में पहल
ई-डिजिटल इंडिया ने सभी विद्यालयों, कॉलेजों, शिक्षकों एवं सहयोगी संस्थानों के प्रति आभार जताया। संस्थान ने कहा कि एआई और आधुनिक कौशल के प्रति जागरूकता बढ़ाकर विद्यार्थियों को भविष्य की शिक्षा और रोजगार की आवश्यकताओं के लिए तैयार करने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।



