Campus Boom.
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। सितंबर माह को हिंदी माह के रूप में मनाए जाने के क्रम में आयोजित कार्यक्रम में संस्थान के शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारी और विद्यार्थी शामिल हुए। इस दौरान हिंदी को ज्ञान, नवाचार, सुशासन और तकनीकी शिक्षा की प्रभावी भाषा बनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में भारत सरकार के शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी का हिंदी दिवस संदेश पढ़कर सुनाया गया। संदेश में हिंदी को भारत की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय अस्मिता और लोकतांत्रिक मूल्यों की अभिव्यक्ति बताते हुए कहा गया कि हिंदी देश की विविधता को एकता के सूत्र में जोड़ने वाली महत्वपूर्ण भाषा है। प्रशासन, शिक्षा, ज्ञान-विज्ञान, प्रौद्योगिकी और जनसंपर्क में इसके प्रभावी उपयोग पर जोर दिया गया।
संदेश में विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में हिंदी सहित भारतीय भाषाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया। हिंदी में कार्य करने को संवैधानिक दायित्व के साथ भाषायी विरासत के सम्मान और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता से भी जोड़ा गया।
इस अवसर पर एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार का संदेश भी प्रस्तुत किया गया। उन्होंने हिंदी के प्रचार-प्रसार के साथ देश की बहुभाषी और समावेशी संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं व्यावसायिक कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया।
हिंदी में कार्य करने की ली शपथ
हिंदी समिति के अध्यक्ष प्रो. निरंजन कुमार ने हिंदी दिवस और हिंदी माह के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी ज्ञान, सृजनात्मकता और सामाजिक जुड़ाव की महत्वपूर्ण भाषा है। उन्होंने संस्थान में हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने के लिए सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थियों ने हिंदी में कार्य करने तथा इसके प्रचार-प्रसार के प्रति प्रतिबद्धता की शपथ ली।
अंत में डॉ. रजत त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापन किया और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षक, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम के माध्यम से संस्थान में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के साथ तकनीकी और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भारतीय भाषाओं की भूमिका को मजबूत करने का संदेश दिया गया।


