Campus Boom.
आईआईएम रांची में चल रहे ‘हिंदी पखवाड़ा 2026’ के तहत बुधवार को ‘सोल टॉक’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें अभिनेता, वॉयस कोच और वक्ता विजय विक्रम सिंह अतिथि वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी, संवाद कौशल, किताबों और व्यक्तिगत विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर संवाद किया।
विजय विक्रम सिंह ने राष्ट्रीय हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी एक लोकतांत्रिक भाषा है, जो अलग-अलग बोलियों और क्षेत्रीय भाषाओं के साथ आसानी से घुल-मिल जाती है। उन्होंने कहा कि आज की हिंदी में हिंदुस्तानी स्वरूप और अनेक बोलियों का प्रभाव दिखाई देता है।
‘मंजिल से ज्यादा जरूरी खुद को तलाशना’
‘सिनेमा, समयचक्र और हिंदी’ विषय पर आयोजित सोल टॉक में विजय विक्रम सिंह ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि एक दौर में वे जीवन की दिशा को लेकर असमंजस में थे। इसी दौरान उन्हें अपनी आवाज के साथ काम करने का अवसर मिला और उन्होंने वॉयस ओवर के क्षेत्र में प्रशिक्षण लेकर आगे बढ़ना शुरू किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा, “मंजिल की तलाश से ज्यादा जरूरी खुद को तलाशना है।” उन्होंने हरिवंश राय बच्चन की ‘मधुशाला’ के पाठ के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने के लिए प्रेरित किया।
शब्द भंडार से बेहतर होता है संवाद कौशल
परिचर्चा के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को किताबों की दुनिया से दोबारा जुड़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के बढ़ते इस्तेमाल के बीच पढ़ने की आदत प्रभावित हुई है, जबकि शब्दों का समृद्ध भंडार प्रभावी वक्ता बनने में मदद करता है।
उन्होंने प्रबंधन के विद्यार्थियों के लिए साहित्य पढ़ने के महत्व पर चर्चा करते हुए ऑस्कर वाइल्ड जैसे लेखकों को पढ़ने की सलाह दी। उनके अनुसार भाषा केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि सोच को आकार देने का भी साधन है। भाषा के माध्यम से व्यक्ति अपने विचारों को अधिक सटीक ढंग से व्यक्त करने के साथ अलग दृष्टिकोण विकसित कर सकता है।
विजय विक्रम सिंह ने विद्यार्थियों को संवाद के माध्यम से अपनी प्रभावी उपस्थिति बनाने, परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने और लगातार बदलाव को स्वीकार करने की सलाह दी। उन्होंने कॉर्पोरेट क्षेत्र में भाषा, संवाद कौशल और आवाज के प्रभावी इस्तेमाल के महत्व पर भी बात की।
कार्यक्रम के समापन पर कार्यक्रम समन्वयक प्रो. सत्यम ने विजय विक्रम सिंह को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर डीन (अकादमिक) प्रो. तनुश्री दत्ता समेत संस्थान के अन्य प्राध्यापक, अधिकारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।


