Campus Boom.
सरायकेला। आदित्यपुर के समाजसेवी एवं कुणाल मेडिकल के संस्थापक स्वर्गीय अनिल कुमार वर्मा की प्रथम पुण्यतिथि पर रविवार को निःशुल्क मेडिकल एवं डेंटल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। आदित्यपुर-2 कॉलोनी स्थित रोड नंबर-4 के कुणाल रिलीफ सेंटर में आयोजित इस शिविर में 500 से अधिक जरूरतमंद लोगों ने स्वास्थ्य एवं दंत चिकित्सा संबंधी जांच कराई। शिविर में दंत चिकित्सक डॉ. कुणाल वर्मा, जनरल फिजिशियन डॉ. केतन तथा स्वर्गीय अनिल वर्मा की धर्मपत्नी एवं समाजसेवी आरती वर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्र के नागरिक, महिलाएं, बुजुर्ग एवं युवा पहुंचे। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की और जरूरत के अनुसार उन्हें निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
इस अवसर पर आदित्यपुर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनमें महिला नेत्री उषा पांडेय, नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह, जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता ओम प्रकाश, कांग्रेस नेता सुरेश धारी, दिवाकर झा, भाजपा नेता सुनील श्रीवास्तव, भोगेंद्र नाथ झा, पार्षद नीतू शर्मा, प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष संजीव भारद्वाज एवं महासचिव विकास श्रीवास्तव सहित अन्य लोग शामिल थे।
महिला नेत्री उषा पांडेय ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि स्वर्गीय अनिल वर्मा की स्मृति में उनके दोनों पुत्रों, धर्मपत्नी और बहुओं ने पूरी तन्मयता के साथ इस आयोजन को सफल बनाया है। इस शिविर से सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा मिली है। उन्होंने इसे समाज के प्रति समर्पण और सेवा भावना का सराहनीय उदाहरण बताया।
दंत चिकित्सक डॉ. कुणाल वर्मा ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को मेडिकल एवं डेंटल जांच की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराना और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। क्षेत्र के नागरिकों की अपील पर शिविर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और इसका लाभ उठाया।
कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य लोगों ने स्वर्गीय अनिल कुमार वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार की इस सामाजिक पहल की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।


