Campus Boom.
जमशेदपुर। जेंडर आधारित हिंसा के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं एवं किशोरियों के अधिकारों को लेकर सामाजिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था युवा (यूथ यूनिटी फॉर वॉलंटरी एक्शन) ने गर्ल्स फर्स्ट फंड के सहयोग से 16 दिवसीय जागरूकता अभियान की शुरुआत की। अभियान का शुभारंभ पोटका स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में किया गया।
विद्यालय की वार्डन रूमा हलदार, शिक्षिकाओं, छात्राओं एवं संस्था के सदस्यों ने सामूहिक रूप से गुब्बारे उड़ाकर अभियान का उद्घाटन किया। इस दौरान हिंसा मुक्त समाज, महिला अधिकार, लैंगिक समानता और किशोरियों की सुरक्षा का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में छात्राओं के बीच क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में युवा संस्था की सदस्य अंजना देवगम ने शिक्षिकाओं एवं छात्राओं का स्वागत करते हुए 16 दिवसीय अभियान के उद्देश्य और महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष 25 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस मनाया जाता है। इसी दिन से शुरू होने वाला यह अभियान 10 दिसंबर यानी अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस तक चलता है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल जागरूकता फैलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने घर, विद्यालय और समाज में महिलाओं एवं किशोरियों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी समझने का अवसर भी है।
हिंसा के कई रूप, पहचान और जागरूकता जरूरी
अंजना देवगम ने कहा कि हिंसा का अर्थ केवल शारीरिक मारपीट नहीं है। किसी को अपमानित करना, शिक्षा से वंचित रखना, उसकी स्वतंत्रता और निर्णय लेने के अधिकार को छीनना, बाल विवाह के लिए दबाव डालना तथा ऑनलाइन माध्यमों से परेशान करना भी हिंसा के विभिन्न रूप हैं।
उन्होंने किशोरियों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, अपनी बात खुलकर रखने तथा किसी भी प्रकार के भेदभाव और हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।
जलवायु परिवर्तन और जेंडर न्याय भी अभियान के केंद्र में
अभियान के व्यापक संदर्भ में उन्होंने बताया कि इस वर्ष जलवायु परिवर्तन, महिलाओं एवं किशोरियों के विरुद्ध हिंसा, मानसिक स्वास्थ्य, जेंडर न्याय और सुरक्षित समुदाय निर्माण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को एक साथ जोड़कर जागरूकता बढ़ाने की पहल की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन का प्रभाव महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, पोषण, आजीविका और दैनिक जीवन पर भी पड़ता है। इसलिए इन चुनौतियों को समझने के साथ इनके समाधान की प्रक्रिया में महिलाओं एवं किशोरियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है।
क्विज प्रतियोगिता के जरिए दी गई अधिकारों की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान चांदमनी संवैया ने क्विज प्रतियोगिता का संचालन किया। इसमें जलवायु परिवर्तन, महिला एवं किशोरी अधिकार, हिंसा की पहचान एवं रोकथाम, मानसिक स्वास्थ्य, जेंडर समानता और सुरक्षित समुदाय निर्माण से जुड़े सवाल पूछे गए।
प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं की जानकारी और समझ को परखने के साथ उन्हें अपने विचार साझा करने तथा नए विषयों को समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक महिला एवं किशोरी को बिना किसी डर, हिंसा और भेदभाव के सम्मानपूर्वक जीवन जीने, शिक्षा प्राप्त करने, अपनी पसंद के निर्णय लेने और समान अवसर पाने का अधिकार है। सुरक्षित एवं समानता आधारित समाज का निर्माण केवल महिलाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार, विद्यालय, पंचायत और पूरे समुदाय की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में युवा संस्था के सदस्य कापरा माझी, आबंती सरदार, किरण सरदार, अरूप मंडल एवं फेलो का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


