Campus Boom.
जमशेदपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के वार्षिक खेल महोत्सव ‘ऊर्जा 2027’ का शुक्रवार को उत्साह और उल्लास के साथ शुभारंभ हुआ। संस्थान की छात्र परिषद की ओर से आयोजित इस खेल महोत्सव की थीम ‘वॉर्टेक्स: व्हेयर केऑस मीट्स कंट्रोल’ (Vortex: Where Chaos Meets Control) रखी गई है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राहुल गुप्ता उपस्थित रहे। समारोह में एनआईटी के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार, प्रो. आर.वी. शर्मा, अधिष्ठाता (छात्र कल्याण) प्रो. अशोक कुमार, कुलसचिव प्रो. सरोज कुमार सारंगी सहित संस्थान के वरिष्ठ संकाय सदस्य, विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत संबोधन और अतिथियों के परिचय के साथ हुई। इसके बाद पारंपरिक दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना और राष्ट्रगीत का आयोजन किया गया। अतिथियों के सम्मान के बाद खेल महोत्सव के औपचारिक शुभारंभ के प्रतीक स्वरूप खेल मशाल प्रज्वलित की गई। इस अवसर पर खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा बनाए रखने की शपथ ली।
मुख्य अतिथि डॉ. एहतेशाम वकारिब और विशिष्ट अतिथि राहुल गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, समर्पण और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
संस्थान के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार और अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ।
‘ऊर्जा 2027’ के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें संस्थान के विद्यार्थी अपनी खेल प्रतिभा, कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। यह महोत्सव खेल प्रतियोगिताओं के साथ विद्यार्थियों में एकता, सौहार्द, अनुशासन, नेतृत्व और सामूहिक भावना विकसित करने का भी मंच बनेगा।
‘वॉर्टेक्स: व्हेयर केऑस मीट्स कंट्रोल’ की अवधारणा के साथ ‘ऊर्जा 2027’ खेल, साहस, अनुशासन और उत्कृष्टता के उत्सव के रूप में आयोजित किया जा रहा है।


