Campus Boom.
जमशेदपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के धातुकर्म एवं पदार्थ अभियांत्रिकी विभाग की ओर से इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मेटल्स (आईआईएम), जमशेदपुर चैप्टर के सहयोग से पांच दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला SIMPLE 2026 का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। डायमंड जुबली लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस कार्यशाला का विषय ‘Structural Integrity Management and Protocols for Life Extension’ है। कार्यशाला 3 नवंबर तक चलेगी।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. ओंकार नाथ मोहंती उपस्थित रहे। वहीं, एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधियों, वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
कार्यशाला का उद्देश्य औद्योगिक उपकरणों एवं संरचनाओं की सुरक्षा, विश्वसनीयता और उनकी सेवा अवधि बढ़ाने से संबंधित आधुनिक तकनीकों पर विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं और उद्योग प्रतिनिधियों के बीच ज्ञान एवं अनुभवों का आदान-प्रदान करना है।
उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि डॉ. ओंकार नाथ मोहंती ने ‘Integrity of Engineering Components – View from a Window’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने औद्योगिक उपकरणों की संरचनात्मक मजबूती, अवशिष्ट तनाव (Residual Stress), धातुओं में थकान के कारण होने वाली विफलता (Fatigue Failure) और उपकरणों की कार्यक्षमता एवं जीवन अवधि को प्रभावित करने वाले कारकों पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने बताया कि आधुनिक उद्योगों में मशीनों और संरचनाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पदार्थों के व्यवहार, आंतरिक तनाव और संभावित विफलताओं का वैज्ञानिक मूल्यांकन जरूरी है। इसके लिए एक्स-रे विवर्तन (XRD), अल्ट्रासोनिक परीक्षण, होल-ड्रिलिंग तकनीक और मैग्नेटिक बार्कहाउज़ेन नॉइज़ जैसी उन्नत परीक्षण विधियों की उपयोगिता समझाई। उन्होंने शॉट पीनिंग जैसी सतह उपचार तकनीकों के माध्यम से उपकरणों की थकान प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने की जानकारी भी दी।
व्याख्यान में औद्योगिक रखरखाव, तकनीकी खामियों की पहचान और उपकरणों की शेष उपयोगी आयु का आकलन करने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की बढ़ती भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।
पांच दिनों तक चलने वाली इस कार्यशाला में औद्योगिक विफलताओं का विश्लेषण, पदार्थों में क्षरण एवं क्षति, सतही सुरक्षा, सूक्ष्म संरचनात्मक अध्ययन, गैर-विनाशकारी परीक्षण (NDT), कंप्यूटर आधारित सिमुलेशन, डिजिटल ट्विन, मशीन लर्निंग और औद्योगिक मानकों जैसे विषयों पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे।
कार्यशाला के आगामी सत्रों में टाटा स्टील, सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (CSIR-NML), रक्षा धातुकर्म अनुसंधान प्रयोगशाला (DMRL), हैदराबाद तथा एनआईटी जमशेदपुर के विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे। इसमें औद्योगिक उपकरणों की विफलता के वास्तविक उदाहरणों, दोषों की पहचान और आधुनिक तकनीकों से उपकरणों की कार्यक्षमता एवं सेवा अवधि बढ़ाने के उपायों पर चर्चा होगी।
इस राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन प्रो. गौतम सूत्रधार के मुख्य संरक्षण, प्रो. अशोक कुमार के संरक्षण तथा डॉ. सी.एस. चौधरी की अध्यक्षता में किया जा रहा है। डॉ. प्रकाश सरकार एवं डॉ. मोनालिसा मंडल कार्यशाला के संयोजक हैं, जबकि डॉ. राम कृष्ण एवं डॉ. अरविंद गली आयोजन सचिव की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। आयोजन को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मेटल्स, जमशेदपुर चैप्टर तथा जैन साइंटिफिक सॉल्यूशंस का सहयोग प्राप्त है।
आयोजकों के अनुसार, SIMPLE 2026 उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को मजबूत करने तथा आधुनिक अनुसंधान को औद्योगिक जरूरतों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कार्यशाला का समापन 3 नवंबर को तकनीकी सत्रों, प्रायोजकों की प्रस्तुतियों और समापन समारोह के साथ होगा।


