Campus Boom.
जमशेदपुर। सेवा और सामाजिक दायित्व की मिसाल पेश करते हुए जमशेदपुर ब्लड सेंटर में पिछले 34 वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे वरीय पदाधिकारी सुदीप प्रामाणिक ने शुक्रवार को गंभीर बीमारी से जूझ रहे एक मरीज की मदद के लिए अपना चौथा एसडीपी (सिंगल डोनर प्लेटलेट्स) रक्तदान किया। इसके साथ ही उन्होंने अपने स्वैच्छिक रक्तदान का आंकड़ा 23 तक पहुंचा दिया।
30 अक्टूबर, कार्तिक कृष्ण पंचमी के अवसर पर किए गए इस रक्तदान को उन्होंने अपने स्वर्गीय पिता पुटू प्रामाणिक के नाम समर्पित किया। सुदीप प्रामाणिक का यह प्रयास इस बात का उदाहरण है कि दूसरों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने और रक्त उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभाने वाले ब्लड सेंटर के पदाधिकारी भी जरूरत के समय स्वयं आगे आकर अपना सामाजिक दायित्व निभाते हैं।
रक्तदान के पश्चात सुदीप प्रामाणिक को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जमशेदपुर ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी, डॉ. लव बहादुर सिंह, डॉ. पुष्पा तिवारी, डॉ. निर्जला झा, तकनीशियन स्वपन राणा, अरुनभो मोइत्रा, धीरज कुमार, धनंजय, तापस, शुभंकर, श्रीदीप, सुबीर, सौमिक एवं अभिजीत सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
मौके पर टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार तथा आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल के सुनील आनंद भी मौजूद रहे।


