Campus Boom.
जमशेदपुर। कोल्हान विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (टाकू) के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष प्रो. इंदल पासवान के नेतृत्व में विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. अंजिला गुप्ता से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। बैठक में कुलपति ने कई मुद्दों पर सकारात्मक पहल करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में टाकू के अध्यक्ष प्रो. इंदल पासवान के साथ उपाध्यक्ष डॉ. मीनाक्षी मुंडा शामिल थीं। विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव डॉ. अमर कुमार, प्रॉक्टर डॉ. राजेंद्र भारती, वित्त पदाधिकारी डॉ. एसके सिंह, सीसीडीसी डॉ. अरविंद कुमार सिंह और पीएचडी निदेशक डॉ. ब्रजेश कुमार उपस्थित रहे।
पीएचडी कोर्स वर्क की परीक्षा और परिणाम की तिथि तय
बैठक में पीएचडी और कोर्स वर्क से संबंधित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। कुलपति ने वर्तमान पीएचडी कोर्स वर्क की परीक्षा 3 या 4 नवंबर 2026 को आयोजित करने तथा उसका परिणाम 19 या 20 नवंबर 2026 को प्रकाशित करने की प्रक्रिया निर्धारित करने का निर्देश दिया।
वहीं, नए बैच के पीएचडी कोर्स वर्क के लिए 25 अक्टूबर 2026 को इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित करने और 26 अक्टूबर से कोर्स वर्क शुरू करने का निर्णय लिया गया। इससे पीएचडी शोधार्थियों से संबंधित लंबित शैक्षणिक प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।
प्रमोशन और वेतन निर्धारण के लंबित मामलों पर पहल
टाकू के अध्यक्ष प्रो. इंदल पासवान ने शिक्षकों की समस्याओं को बिंदुवार रखते हुए नए शिक्षकों के वेतन निर्धारण (फिक्सेशन) और प्रमोशन के लंबित मामलों के साथ वर्ष 2008 बैच के शिक्षकों के प्रमोशन एवं फिक्सेशन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
इस पर कुलपति और कुलसचिव ने आश्वासन दिया कि शिक्षकों के प्रमोशन और वेतन निर्धारण से संबंधित कार्यों को तेजी से पूरा कराया जाएगा। नए शिक्षकों को प्रमोशन से संबंधित प्रपत्र भरने में होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए कार्यशाला आयोजित करने का मुद्दा भी उठाया गया।
उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन की प्रक्रिया में होगा बदलाव
बैठक में उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन और परीक्षा से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा हुई। तय किया गया कि अब किसी भी शिक्षक को मूल्यांकन के लिए विश्वविद्यालय मुख्यालय से उत्तरपुस्तिकाएं अपने साथ नहीं ले जानी होंगी।
इसके स्थान पर विश्वविद्यालय स्तर पर केंद्रीकृत मूल्यांकन की व्यवस्था की जाएगी अथवा उत्तरपुस्तिकाएं संबंधित महाविद्यालयों को भेजी जाएंगी। महाविद्यालयों में प्राचार्य उत्तरपुस्तिकाओं के वितरण और संग्रह की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके अतिरिक्त, मूल्यांकन कार्य के लंबित भुगतान को भी अविलंब जारी करने का आश्वासन दिया गया।
स्वास्थ्य बीमा और महाविद्यालयों की स्वच्छता का मुद्दा उठा
प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए राज्य स्वास्थ्य बीमा से संबंधित मुद्दे को भी उठाया। कुलपति ने भरोसा दिलाया कि इस दिशा में आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर व्यवस्था को लागू करने की पहल की जाएगी।
महाविद्यालय परिसरों में सैनिटेशन और साफ-सफाई की समस्या पर कुलपति ने कहा कि सभी प्राचार्यों को पहले ही आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि महाविद्यालय परिसरों में स्वच्छ शौचालय और साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध होना चाहिए। यदि स्वच्छता व्यवस्था के लिए अतिरिक्त राशि की आवश्यकता है, तो संबंधित प्राचार्य विश्वविद्यालय को प्रस्ताव भेजें। आवश्यक राशि उपलब्ध कराने की दिशा में तत्काल पहल की जाएगी।
सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई बैठक
बैठक में टाकू की ओर से पीएचडी कोर्स वर्क, शिक्षकों के प्रमोशन एवं वेतन निर्धारण, परीक्षा और उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन, लंबित भुगतान, स्वास्थ्य बीमा तथा महाविद्यालय परिसरों की स्वच्छता सहित विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान का आग्रह किया गया।
कुलपति की सकारात्मक पहल और समस्याओं के समाधान के आश्वासन के बाद बैठक संपन्न हुई। अंत में टाकू की उपाध्यक्ष डॉ. मीनाक्षी मुंडा ने कुलपति सहित विश्वविद्यालय के सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया और शिक्षकों की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की अपील की।


