Campus Boom.
जमशेदपुर। सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल), जमशेदपुर में जिज्ञासा कार्यक्रम के तहत तारापोर स्कूल, एग्रिको के कक्षा 10वीं के 104 विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इसमें 47 छात्राओं और 57 छात्रों ने चार शिक्षक-शिक्षिकाओं के नेतृत्व में भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जागरूकता बढ़ाना और उन्हें अनुसंधान एवं नवाचार से परिचित कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी के संबोधन से हुआ। उन्होंने औद्योगिक जरूरतों को पूरा करने में वैज्ञानिक अनुसंधान की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को वैज्ञानिक जिज्ञासा विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
आईएमडीसी के प्रमुख एवं वैज्ञानिक-जी डॉ. के. गोपाला कृष्णा ने विद्यार्थियों को धात्विक पदार्थों के गुणों और उनके व्यावहारिक उपयोगों की जानकारी दी। उन्होंने दैनिक जीवन में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं के पीछे छिपे वैज्ञानिक सिद्धांतों को समझने के लिए प्रोत्साहित किया।
वैज्ञानिक-ई डॉ. श्रीदा पी. ने सीएसआईआर और देशभर में स्थित इसकी विभिन्न प्रयोगशालाओं की अनुसंधान गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने सीएसआईआर-एनएमएल में हो रहे शोध कार्यों और विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने वैज्ञानिकों से संवाद किया और प्रयोगशाला की विभिन्न सुविधाओं का भ्रमण कर अनुसंधान की प्रक्रियाओं को करीब से समझा। समापन सत्र में नियंत्रक प्रशासन (सीओए) जय शंकर शरण ने सतर्कता जागरूकता विषय पर व्याख्यान दिया। इसके बाद डॉ. के. गोपाला कृष्णा के संचालन में विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को कक्षा शिक्षण से आगे बढ़कर वैज्ञानिक अनुसंधान का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ। कार्यक्रम ने उन्हें विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं को समझने का अवसर प्रदान किया।


