Campus Boom.
जमशेदपुर। विद्या भारती उत्तर-पूर्व क्षेत्र के आयोजन एवं विद्या विकास समिति, झारखंड के आतिथ्य में 37वीं क्षेत्रीय खेल-कूद (एथलेटिक्स) प्रतियोगिता-2026 का बुधवार को सुमंत मूलगांवकर स्टेडियम, टेल्को में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रगति सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बिरसानगर के आयोजन में हो रही तीन दिवसीय प्रतियोगिता 7 से 9 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें झारखंड और बिहार की प्रांतीय प्रतियोगिताओं में सफल खिलाड़ी विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्वी जमशेदपुर विधायक पूर्णिमा साहू, जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की, विद्या भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्याली राम, प्रदेश सचिव नकुल कुमार शर्मा, भारतीय शिक्षा समिति के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा समेत विभिन्न विद्यालयों के पदाधिकारी, प्रधानाचार्य और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ हनुमत पूजन, दीप प्रज्वलन, पुष्पार्चन एवं वंदना के साथ हुआ। प्रधानाचार्य अभिलाष गिरि ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि प्रदीप कुमार कुशवाहा ने प्रतियोगिता की प्रस्तावना रखी। स्थानीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और समारोह गीत प्रस्तुत किया।
इसके बाद सांसद विद्युत वरण महतो एवं जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की ने प्रतियोगिता ध्वज का ध्वजारोहण किया। विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने अनुशासनबद्ध मार्च-पास्ट कर अतिथियों को अभिवादन किया।
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, सहयोग, आत्मविश्वास और आपसी प्रेम की भावना विकसित करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी ऊर्जा और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि शारीरिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभावना के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है।
राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर, धनबाद के एसजीएफआई प्रतिभावान खिलाड़ी एवं 110 मीटर तथा 400 मीटर बाधा दौड़ के प्रतिभागी वेद प्रकाश ने खिलाड़ियों को खेल शपथ दिलाई। इसके बाद अतिथियों ने खेल मशाल प्रज्वलित कर प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की।
समारोह में संगीत आचार्य भाग्यधर साहिस के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने गणेश वंदना, नागपुरी नृत्य, विप्रम गीत और वंदे मातरम् नृत्य प्रस्तुत कर सांस्कृतिक एवं देशभक्ति का रंग भर दिया।
क्षेत्रीय मार्गदर्शक खेलकूद प्रदीप कुमार करवाहा ने प्रतियोगिता के उद्घाटन की घोषणा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्याली राम ने की, जबकि क्षेत्रीय मंत्री रामअवतार नारसरिया ने आशीर्वचन देते हुए खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
अंत में विद्यालय समिति के अध्यक्ष भोला कुमार मंडल ने अतिथियों, समितियों, आचार्यों, कार्यकर्ताओं और प्रतिभागी खिलाड़ियों के प्रति आभार व्यक्त किया। वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ उद्घाटन समारोह का समापन हुआ।
प्रतियोगिता में झारखंड और बिहार के विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ी दौड़, बाधा दौड़ सहित विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता को लेकर सुमंत मूलगांवकर स्टेडियम में उत्साह, ऊर्जा और खेल भावना का माहौल बना हुआ है।


