Campus Boom.
जमशेदपुर। “जेका बाघ का करेजा देके ऊपर वाला भेजा…” और “ठोक देंगे कट्टा कपार में…” जैसे चर्चित गीतों के पीछे की कहानी क्या है? इन्हें लिखने की परिस्थितियां क्या थीं और लोकप्रिय गीतों के रचनाकारों की रचनात्मक दुनिया कैसी है? ऐसे सवालों के जवाब इस बार जमशेदपुर में होने वाले साहित्यिक आयोजन ‘छाप-3.0’ में तलाशे जाएंगे।
साहित्य कला फाउंडेशन की ओर से आयोजित दो दिवसीय साहित्यिक महाकुंभ का तीसरा संस्करण 9 और 10 अक्टूबर को बिष्टुपुर स्थित होटल एल्कोर में आयोजित होगा। आयोजन में साहित्य, पत्रकारिता, समाज, तकनीक और सिनेमा से जुड़े देशभर के चर्चित रचनाकार और विचारक जुटेंगे।
उद्घाटन सत्र में जुटेंगे साहित्य के दिग्गज
9 अक्टूबर को सुबह 10 बजे उद्घाटन सत्र के साथ आयोजन की शुरुआत होगी। मुख्य अतिथि प्रो. के. वनजा होंगी। ख्यात कहानीकार पंकज मित्र और आलोचक राकेश बिहारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। पूर्व सूचना आयुक्त बैजनाथ मिश्रा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
चर्चित गीतों के पीछे की कहानी बताएंगे डॉ. सागर
आयोजन के दूसरे दिन लोकप्रिय गीतकार डॉ. सागर विशेष आकर्षण होंगे। वह अपने चर्चित और लोकप्रिय गीतों के सृजन, उनकी पृष्ठभूमि और उनसे जुड़े अनुभव साझा करेंगे। उनके साथ साहित्य और लोकप्रिय संस्कृति को लेकर संवाद भी होगा।
किताबों पर होगी खुली चर्चा
‘छाप-3.0’ में देश के प्रतिष्ठित लेखकों की पुस्तकों पर केंद्रित कई सत्र होंगे। इनमें झारखंड के राज्य सूचना आयुक्त अनुज कुमार सिन्हा, युगल जोशी, प्रशांत आनंद, प्रमोद कुमार सिंह, सत्य व्यास, विमल चंद्र पांडेय, विनीता अस्थाना, कविता, खालिद जावेद और पंकज दुबे समेत कई रचनाकारों की कृतियों पर चर्चा होगी।
पत्रकारिता से साहित्य तक मनोज राजन त्रिपाठी
वरिष्ठ पत्रकार और लेखक मनोज राजन त्रिपाठी भी आयोजन में शामिल होंगे। करीब तीन दशक के पत्रकारिता अनुभव के बाद साहित्य में सक्रिय त्रिपाठी का उपन्यास ‘कोड काकोरी’ चर्चित रहा है। उनकी दूसरी पुस्तक ‘कसारी मसारी’ भी चर्चा में रही है। पत्रकारिता के अनुभवों और सामाजिक-राजनीतिक विषयों को साहित्य में पिरोने वाले त्रिपाठी के साथ संवाद सत्र साहित्यप्रेमियों के लिए महत्वपूर्ण आकर्षण होगा।
AI, RTI और आदिवासी साहित्य पर भी मंथन
इस बार ‘छाप’ में साहित्य से आगे बढ़कर समकालीन समाज और तकनीक से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी। ‘आदिवासी साहित्य में स्त्री’, ‘AI युग में खबरें और विश्वसनीयता का संकट’ तथा ‘सूचना क्रांति के दौर में RTI की प्रासंगिकता’ जैसे विषय प्रमुख सत्रों में शामिल हैं।
इन सत्रों में पद्मश्री डॉ. दमयंती बेसरा, झारखंड के राज्य सूचना आयुक्त अनुज कुमार सिन्हा और निर्मला पुतुल मुर्मू समेत अन्य वक्ता विचार रखेंगे।
किस्सागोई, तबला पोयट्री और संताली सिनेमा भी
साहित्यिक चर्चा के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजन का हिस्सा होंगी। चर्चित किस्सागो हिमांशु बाजपेई अपनी किस्सागोई प्रस्तुत करेंगे, जबकि भूपेंद्र सिंह खिड़िया की तबला पोयट्री आकर्षण का केंद्र होगी। राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त संताली फिल्म ‘आँगेन’ की विशेष स्क्रीनिंग भी की जाएगी।
आयोजकों के अनुसार पिछले संस्करणों में पुष्पेश पंत, उदय प्रकाश, महुआ माजी और जेरी पिन्टो जैसे रचनाकारों की भागीदारी से जमशेदपुर में साहित्य को लेकर युवाओं और विद्यार्थियों के बीच उत्साह बढ़ा है। ‘छाप-3.0’ के माध्यम से इस साहित्यिक संवाद को और व्यापक बनाने का प्रयास किया जा रहा है। साहित्य कला फाउंडेशन ने साहित्यप्रेमियों से आयोजन में शामिल होने की अपील की है।


