Campus Boom.
जमशेदपुर। केरला पब्लिक स्कूल, कदमा में आयोजित 26वें ‘लेट्स मेक अ डिफरेंस’ (एलएमएडी) जमशेदपुर युवा सम्मेलन का चार दिवसीय आयोजन आत्मचिंतन, सार्थक संबंधों और मानसिक दृढ़ता के संदेश के साथ संपन्न हुआ। सम्मेलन में विद्यार्थियों को स्वयं को समझने, जीवन के उद्देश्य पर विचार करने और चुनौतियों का सामना करने के लिए भावनात्मक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रेरित किया गया।
अंतिम दिन की शुरुआत सर्वधर्म प्रार्थना से हुई। ‘क्वाइट टाइम’ सत्र में विद्यार्थियों ने अहंकार तथा उसके विचारों, व्यवहार और संबंधों पर प्रभाव को समझा। विद्यार्थियों ने मंच पर अपने अनुभव साझा किए। ‘पावर ऑफ विजन’ सत्र में जीवन के उद्देश्य और आकांक्षाओं पर चर्चा हुई, जबकि ‘द प्लेज’ के तहत विद्यार्थियों ने पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लिया।
सम्मेलन निदेशक विरल मजूमदार के साथ प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने अपने सवाल और विचार साझा किए। इसके बाद उन्होंने ‘स्वयं को पत्र’ लिखकर सम्मेलन से मिली सीख और व्यक्तिगत संकल्पों को दर्ज किया।
अभिभावकों से भी हुआ संवाद
एलएमएडी की टीम ने अभिभावकों के साथ संवाद करते हुए बच्चों को सुनने, समझने और सहयोगपूर्ण संबंधों के माध्यम से जीवन-मूल्यों को विकसित करने की जरूरत पर चर्चा की। समापन समारोह में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. विजया भारत और मनोचिकित्सक मनोज साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
25 वर्षों की यात्रा पर कॉफी टेबल बुक का विमोचन
समारोह का प्रमुख आकर्षण ‘द जर्नी विदिन, द मूवमेंट बियॉन्ड’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन रहा। पुस्तक में एलएमएडी जमशेदपुर युवा सम्मेलन की 25 वर्षों की यात्रा को तस्वीरों, अनुभवों और संस्मरणों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
एलएमएडी के संस्थापक न्यासी बृजेश अरोड़ा ने आंदोलन के साथ अपने जुड़ाव और जमशेदपुर युवा सम्मेलन की विकास यात्रा पर विचार रखे। वहीं केपीएस की अकादमिक निदेशक लक्ष्मी आर. ने कहा कि बच्चों को सोच-समझकर सही और जिम्मेदार निर्णय लेने में सक्षम बनाना आज की महत्वपूर्ण जरूरत है।
चार दिवसीय सम्मेलन के बाद विद्यार्थी प्रमाणपत्र और स्मृति-उपहार के साथ विदा हुए। आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं में आत्मचिंतन, संवेदनशीलता, मजबूत रिश्तों और मानसिक दृढ़ता जैसे गुणों को विकसित करना है।



