Campus Boom.
जमशेदपुर। सीएसआईआर–राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल), जमशेदपुर की ओर से जिग्यासा कार्यक्रम के अंतर्गत तारापोर स्कूल, एग्रीको के कक्षा XI एवं XII के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय छात्र भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 79 विद्यार्थियों—41 छात्राओं और 38 छात्रों—के साथ चार शिक्षक शामिल हुए। इनमें श्रीमती चंचल शर्मा और श्रीमती पामेला वर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जागरूकता को बढ़ावा देना और उन्हें खनिज, धातु एवं सामग्री विज्ञान के क्षेत्र में हो रहे वैज्ञानिक अनुसंधान तथा नवाचार से परिचित कराना था।
वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का संदेश
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. एस. शिवप्रसाद, वरिष्ठतम मुख्य वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष, एमटीई प्रभाग, के उद्घाटन संबोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, जिज्ञासु बने रहने और नए विचारों की खोज के लिए प्रेरित किया।
प्रतिभागियों का स्वागत डॉ. के. गोपाला कृष्णा, वैज्ञानिक-जी एवं अध्यक्ष, आईएमडीसी ने किया। उन्होंने विभिन्न धात्विक सामग्रियों के अनुप्रयोगों पर व्याख्यान दिया। साथ ही धातुओं एवं मिश्रधातुओं के विकास और तकनीकी प्रगति पर प्रकाश डालते हुए आधुनिक अभियांत्रिकी, उद्योग एवं दैनिक जीवन में उनकी भूमिका की जानकारी दी।
सीएसआईआर की प्रयोगशालाओं और अनुसंधान से हुए परिचित
इसके बाद डॉ. अनिमेष जाना, वैज्ञानिक-ई, ने सीएसआईआर तथा देशभर में स्थित उसकी प्रयोगशालाओं के नेटवर्क पर प्रस्तुति दी। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न सीएसआईआर प्रयोगशालाओं में संचालित अनुसंधान गतिविधियों, विशेष रूप से सीएसआईआर-एनएमएल के वैज्ञानिक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने विज्ञान एवं नवाचार में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों से भी अवगत कराया।
वैज्ञानिकों से संवाद और प्रयोगशालाओं का भ्रमण
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण वैज्ञानिकों के साथ विद्यार्थियों का संवाद और सीएसआईआर-एनएमएल की विभिन्न प्रयोगशालाओं का भ्रमण रहा। विद्यार्थियों ने अनुसंधान गतिविधियों को करीब से देखा और कक्षा-कक्ष से बाहर वैज्ञानिक कार्यों के व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर प्राप्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर श्री जय शंकर शरण, नियंत्रक प्रशासन (सीओए), सीएसआईआर-एनएमएल ने ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ विषय पर लोकप्रिय व्याख्यान दिया। इसके बाद विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यार्थियों और शिक्षकों ने वैज्ञानिकों से संवाद तथा अनुसंधान वातावरण को प्रत्यक्ष रूप से समझने के अवसर की सराहना की। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने और संभावित करियर विकल्पों के प्रति प्रेरित करना था।


