Campus Boom.
जमशेदपुर, 25 सितंबर 2026। राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान के मार्गदर्शन में शुक्रवार को ‘नमामि भारत’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके तहत सुबह 11 बजे जमशेदपुर के 22 विद्यालयों में एक साथ सामूहिक वंदे मातरम् गायन हुआ। कार्यक्रम में 10,000 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने भाग लिया।
मुख्य कार्यक्रम सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बागबेड़ा परिसर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय की अध्यक्षा सह जिला पार्षद कविता परमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।
वंदे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश
इस अवसर पर कविता परमार ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक महत्व और स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय गौरव, देशभक्ति और मातृभूमि के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर उनके जीवन और देश के लिए किए गए कार्यों को भी याद किया गया। विद्यार्थियों को उनके विचारों एवं योगदान से परिचित कराया गया।
22 विद्यालयों में एक साथ हुआ सामूहिक गायन
‘नमामि भारत’ अभियान के तहत सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बागबेड़ा के साथ क्षेत्र के 22 विद्यालयों में सामूहिक राष्ट्रगीत गायन का आयोजन किया गया। इनमें केपीएस कदमा, केपीएस मानगो, श्रीकृष्णा पब्लिक स्कूल और जेवियर स्कूल सहित अन्य विद्यालय शामिल रहे।
आयोजकों के अनुसार, सभी विद्यालयों में निर्धारित समय पर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने एक साथ वंदे मातरम् का गायन किया। आयोजकों ने इसे राष्ट्रीय एकता और सामूहिक सहभागिता का संदेश देने वाला कार्यक्रम बताया।
नई पीढ़ी तक राष्ट्रीय गीत का गौरव पहुंचाने का प्रयास
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा विद्यार्थियों में मातृभूमि के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना था।
‘एक स्वर, एक संकल्प, एक भारत’ के संदेश के साथ आयोजित इस सामूहिक गायन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही।




