Campus Boom.
जमशेदपुर। “इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप के माध्यम से वैलोराइजेशन की पुनर्कल्पना” विषयवस्तु पर आधारित दो दिवसीय सीआईआरकॉन 2026–सर्कुलैरिटी कॉन्फ्रेंस का गुरुवार को बेल्डीह क्लब, जमशेदपुर में शुभारंभ हुआ। सम्मेलन में उद्योग, शिक्षाविदों, अनुसंधान संस्थानों और उभरते उद्यमों से जुड़े विशेषज्ञ एक मंच पर जुटे और सतत संसाधन उपयोग तथा सर्कुलर इकोनॉमी की दिशा में संक्रमण से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
सम्मेलन का आयोजन टाटा स्टील लिमिटेड द्वारा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मेटल्स, जमशेदपुर चैप्टर, सीएसआईआर–राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला, जमशेदपुर और इंडियन सिरेमिक सोसाइटी के सहयोग से किया जा रहा है।
उद्घाटन सत्र में पद्म भूषण डॉ. वी. के. सारस्वत, पूर्व सदस्य, नीति आयोग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। टाटा स्टील के उपाध्यक्ष, कॉरपोरेट सर्विसेज श्री डी. बी. सुंदर रामम और एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक डॉ. गौतम सूत्रधार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सत्र की अध्यक्षता टाटा स्टील के IBMD के एग्जीक्यूटिव-इन-चार्ज श्री दीपांकर दासगुप्ता ने की। उन्होंने सम्मेलन की विषयवस्तु और उसके औद्योगिक संदर्भ पर प्रकाश डाला। सीआईआरकॉन 2026 के संयोजक एवं टाटा स्टील के श्री भार्गव धवाला ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
जलवायु परिवर्तन की चुनौती और तकनीकी नवाचार पर जोर
अपने संबोधन में डॉ. वी. के. सारस्वत ने जलवायु परिवर्तन और कार्बन फुटप्रिंट से जुड़ी चुनौतियों का उल्लेख करते हुए सर्कुलैरिटी की समस्याओं के समाधान के लिए सतत प्रौद्योगिकियों और नवाचार-आधारित दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
डी. बी. सुंदर रामम ने संसाधन दक्षता और सतत औद्योगिक कार्यप्रणालियों के प्रति टाटा स्टील की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने कोयले तथा उससे जुड़े उप-उत्पादों, जिसमें राख भी शामिल है, के 100 प्रतिशत उपयोग पर कंपनी के फोकस की जानकारी दी।
डॉ. गौतम सूत्रधार ने देश में क्रिटिकल मेटल्स की बढ़ती मांग का उल्लेख करते हुए रिकवरी, पुनः उपयोग और जिम्मेदार निस्तारण की तीन-चरणीय रणनीति पर जोर दिया। उन्होंने औद्योगिक विकास और बढ़ती संसाधन खपत से उत्पन्न चुनौतियों से निपटने में संसाधन दक्षता, अपशिष्ट वैलोराइजेशन, नवाचार और सतत प्रौद्योगिकियों के महत्व को रेखांकित किया।
औद्योगिक अपशिष्ट के लिए ‘लास्ट माइल’ समाधान पर चर्चा
उद्घाटन सत्र के बाद इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मेटल्स, जमशेदपुर चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. अतनु रंजन पाल के समन्वयन में “द डिफिकल्ट लास्ट माइल ऑफ सर्कुलैरिटी: कैन एवरी इंडस्ट्रियल वेस्ट फाइंड ए होम?” विषय पर पैनल चर्चा आयोजित की गई।
लगभग 200 प्रतिभागियों और हितधारकों की भागीदारी वाला सीआईआरकॉन 2026 उद्योग, अकादमिक जगत, अनुसंधान संगठनों और स्टार्टअप्स को साझा मंच प्रदान कर रहा है। सम्मेलन में औद्योगिक उप-उत्पादों, अपशिष्ट धाराओं और द्वितीयक संसाधनों को तकनीकी नवाचार तथा उद्यमिता के माध्यम से मूल्यवान सामग्रियों में परिवर्तित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।
क्रिटिकल मिनरल से अर्बन माइनिंग तक कई विषयों पर चर्चा
सम्मेलन में खतरनाक अपशिष्ट प्रबंधन एवं संसाधन पुनर्प्राप्ति, भारतीय कोयले में दुर्लभ मृदा तत्व, खनिज मूल्य श्रृंखला में संसाधन दक्षता, अर्बन माइनिंग एवं क्रिटिकल मिनरल रिकवरी तथा प्रदूषण एवं संसाधन पुनर्प्राप्ति के अर्थशास्त्र जैसे विषयों पर प्लेनरी व्याख्यान आयोजित किए जा रहे हैं।
इसके अलावा कठिन प्रबंधन वाले औद्योगिक अपशिष्टों के लिए सतत अनुप्रयोग विकसित करने से जुड़ी चुनौतियों और अवसरों पर भी पैनल चर्चा होगी।
दो दिवसीय तकनीकी कार्यक्रम में औद्योगिक उप-उत्पादों का उपयोग, स्लैग एवं फ्लाई ऐश वैलोराइजेशन, क्रिटिकल मेटल रिकवरी, रिफ्रैक्टरी रीसाइक्लिंग, लिथियम-आयन बैटरी रीसाइक्लिंग, ई-वेस्ट प्रबंधन, अर्बन माइनिंग, कार्बन कैप्चर, सर्कुलर स्टीलमेकिंग और नेक्स्ट-जेनरेशन रिसोर्स रिकवरी जैसे विषय शामिल हैं।
स्टार्टअप्स को भी मिलेगा मंच
सीआईआरकॉन 2026 में स्टार्टअप्स के लिए “इनोवेशंस फॉर ए सर्कुलर फ्यूचर” स्टार्टअप एलिवेटर पिच का भी आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से उभरती प्रौद्योगिकियों, नवाचारी समाधानों और सर्कुलर इकोनॉमी से जुड़े उद्यमशील दृष्टिकोणों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
सीआईआरकॉन 2026 का उद्देश्य उद्योग, अकादमिक जगत, अनुसंधान संगठनों और स्टार्टअप्स के बीच सहयोग को मजबूत करना तथा सर्कुलर संसाधन प्रबंधन और सतत औद्योगिक विकास के लिए व्यावहारिक, नवाचारी और आर्थिक रूप से व्यवहार्य मार्गों को प्रोत्साहित करना है।


