Campus Boom.
जमशेदपुर। हिंदी सप्ताह समारोह के अवसर पर सोमवार को CSIR-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (NML) के ऐतिहासिक प्रेक्षागृह में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गीत, गजल, शृंगार, ओज और देशभक्ति से जुड़ी रचनाओं के माध्यम से कविता की विविधता और सांस्कृतिक महत्व को सामने रखा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रयोगशाला के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधुरी ने कहा कि कवि सम्मेलन केवल कवियों और श्रोताओं के बीच संवाद का अवसर नहीं, बल्कि सांस्कृतिक धरोहर का उत्सव भी है। उन्होंने कहा कि कविता मनुष्य की आत्मा की अभिव्यक्ति है। जब शब्द भाव से जुड़ते हैं तो वे लोकजीवन के दर्पण बन जाते हैं। लोकमानस की पीड़ा, आशा, उल्लास और संवेदना को अभिव्यक्त करने में कविता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि कविता मनुष्य को मनुष्य से जोड़ती है और साझा मानवीय संवेदनाओं का एहसास कराती है।
प्रयोगशाला के प्रशासन नियंत्रक जयशंकर शरण ने कहा कि ओजस्वी कविताएं समाज को जागृत करने और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की ऊर्जा प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि शृंगार और गीत जीवन की मधुरता को अभिव्यक्त करते हैं, जबकि व्यंग्य सामाजिक विसंगतियों को समझने की दृष्टि देता है। वहीं गजल और गीत मनुष्य को भावनात्मक एवं आध्यात्मिक शांति प्रदान करते हैं।
कवि सम्मेलन में दिवेन्दु त्रिपाठी ने गीतों के साथ मंच संचालन किया। डॉ. संगीता नाथ ने ओज एवं शृंगार रस की रचनाएं प्रस्तुत कीं। मंजू शरण ‘मंजुल’ ने गीत और शृंगार की रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर किया। बलविंदर सिंह ने देशभक्ति की ओजपूर्ण कविताओं से राष्ट्रप्रेम की भावना जगाई, जबकि सुमन मिश्रा ने गजल के माध्यम से संवेदनाओं को स्वर दिया।
प्रयोगशाला के वरिष्ठ हिंदी अधिकारी चयन ग्रेड डॉ. पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि कवि सम्मेलन केवल साहित्यिक आयोजन नहीं, बल्कि झारखंड की सांस्कृतिक चेतना का उत्सव है। कविता अपने विभिन्न रूपों के माध्यम से यह संदेश देती है कि वह केवल शब्दों का संयोजन नहीं, बल्कि जीवन की धड़कन है।
कार्यक्रम में प्रयोगशाला के सभी कार्मिकों के साथ संगीता घोष चौधुरी भी उपस्थित रहीं। उन्होंने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम में सहभागिता बढ़ाई। कवि सम्मेलन ने हिंदी सप्ताह समारोह को साहित्यिक और सांस्कृतिक रंग प्रदान किया।


