Campus Boom.
जमशेदपुर। सामाजिक संस्था युवा–यूथ यूनिटी फॉर वोलंटरी एक्शन की ओर से पोटका प्रखंड के काशीडीह मैदान में जेंडर मेला आयोजित किया गया। “सबकी साझेदारी, सबकी बराबरी–भूमिका को मजबूत करना” थीम पर आयोजित मेले में जेंडर समानता, समान अवसर, सम्मान और साझा जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की नीतू कुमारी, पूर्व जिला परिषद सदस्य करुणामय मंडल, ग्राम प्रधान सुशांतो हेंब्रम, स्वास्थ्य सहिया हिसी हेंब्रम तथा DLSA से पीएलबी चयन मंडल और डोबो चकिया समेत विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि और समुदाय के लोग शामिल हुए।
मेले की शुरुआत लड़कियों के स्वागत गीत से हुई। युवा की कार्यकर्ता अंजना ने कार्यक्रम के उद्देश्य और जेंडर समानता के महत्व की जानकारी दी। इसके बाद नुक्कड़ नाटक, “मेरा जेंडर, मेरी पहचान, मेरी आजादी, मेरा सम्मान” विषय पर अभिव्यक्ति, जेंडर से जुड़े मिथकों पर संवाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं।
प्रतिभागियों के बीच जेंडर आधारित हिंसा पर पोस्टर निर्माण, स्लोगन कार्ड, म्यूजिकल चेयर और “द जेंडर वेज गैप गेम” जैसी गतिविधियां कराई गईं। मेले में पुरुष प्रतिभागियों ने पत्तल से दोना बनाने, सुई-धागा चलाने और साड़ी मोड़कर रखने जैसी गतिविधियों में हिस्सा लिया। इसके माध्यम से यह संदेश दिया गया कि घरेलू और सामाजिक कार्य किसी एक जेंडर तक सीमित नहीं हैं और जिम्मेदारियों में समान भागीदारी जरूरी है।
मेले में YUVA संसाधन मेला, जेंडर पर काम करने वाले संगठनों की जानकारी, फेस पेंटिंग और आर्ट गतिविधियां तथा डिजिटल सुरक्षा एवं असुरक्षा से संबंधित बूथ लगाए गए। DLSA, OSCC और Childline की सेवाओं की प्रदर्शनी के साथ महिलाओं द्वारा तैयार हस्तनिर्मित वस्तुओं के स्टॉल भी लगाए गए।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। धन्यवाद ज्ञापन करते हुए युवा की सचिव वर्णाली चक्रवर्ती ने कहा कि कोई भी काम केवल लड़के या लड़की का नहीं होता। हर व्यक्ति को, चाहे वह किसी भी जेंडर का हो, समान अवसर और सम्मान मिलना चाहिए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में युवा की प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर चंद्रकला मुंडा, रीला सरदार, अवंती, किरण, अरूप, चांदमनी सवैयां, अंजना देवगम, कापरा मांझी, हेमंती गोप और युवा के फेलो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


