Campus Boom.
जमशेदपुर। युवा (यूथ यूनिटी फॉर वॉलंटरी एक्शन) और गर्ल्स फर्स्ट फंड के संयुक्त तत्वावधान में इम्पीरियल रिसोर्ट, तेंतला में एक दिवसीय फेलोशिप ओरिएंटेशन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें युवा के 14 फेलो ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य फेलो को सात प्रमुख विषयों की बुनियादी समझ देने के साथ समुदाय में सामाजिक मुद्दों एवं असमानताओं की पहचान, संवाद-सहभागिता, स्थानीय समाधान और सामुदायिक पहल की योजना बनाने के लिए तैयार करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत युवा की चांदमनी सवैयाँ ने फेलो का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण के उद्देश्यों की जानकारी देने के साथ की। इसके बाद फेलो ने अपने फील्ड भ्रमण के अनुभव साझा किए। उन्होंने समुदाय के साथ काम करने के दौरान सामने आई चुनौतियों, समस्याओं और सीख पर चर्चा की।
प्रशिक्षण के दौरान अंजना देवगम ने सातों थीम पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने फेलो की भूमिका को समुदाय-केंद्रित और समाधान-उन्मुख बनाने पर जोर दिया।
हर पंचायत में 10 किशोरियों का समूह बनाने की पहल
युवा की सचिव वार्णली चक्रवर्ती ने प्रत्येक पंचायत में 10 किशोरियों का सशक्त समूह गठित करने की पहल की जानकारी दी। फेलो के समन्वय में ये समूह किशोरियों के अधिकार, शिक्षा, नेतृत्व और स्थानीय सामाजिक मुद्दों पर सामूहिक रूप से काम करेंगे। प्रत्येक समूह को उसकी अलग पहचान के लिए नाम भी दिया जाएगा।
सत्र में रिपोर्टिंग एवं दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई, ताकि फेलो अपनी गतिविधियों, अनुभवों और सामुदायिक बदलावों को व्यवस्थित रूप से दर्ज कर सकें। प्रशिक्षण के अंत में सभी फेलो को आवश्यक फेलोशिप किट प्रदान की गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में युवा के सिकन्दर, कपरा, अरूप, किरण और अवंती का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजकों के अनुसार, यह प्रशिक्षण फेलो को संवेदनशीलता, नेतृत्व और सामूहिक पहल के साथ अपने समुदाय में सकारात्मक सामाजिक बदलाव के लिए सक्रिय भूमिका निभाने में मदद करेगा।


