Campus Boom.
गम्हरिया प्रखंड के रायपुर फुटबॉल मैदान में विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर आजाद क्लब रायपुर की ओर से एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन झामुमो केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के ने फुटबॉल को किक मारकर किया। इससे पहले उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर कृष्णा बास्के ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिताएं स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देती हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से खिलाड़ियों को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने तथा अपने राज्य और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
1975 से आयोजित हो रही प्रतियोगिता
क्लब के सदस्यों ने बताया कि आजाद क्लब रायपुर वर्ष 1975 से विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित करता आ रहा है। क्लब की यह पहल ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ युवाओं में फुटबॉल के प्रति रुचि और उत्साह बढ़ाने में योगदान दे रही है।
मौके पर क्लब के अध्यक्ष राजा टुडू, उपाध्यक्ष भीम मांझी, सचिव भादो माझी, कोषाध्यक्ष सालों राम टुडू, विक्रम हेंब्रम समेत क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


