Campus Boom.
जमशेदपुर। सामाजिक संस्था युवा (यूथ यूनिटी फॉर वॉलंटरी एक्शन) की ओर से रिबिल्ड इंडिया फंड के सहयोग से सुंदरनगर में दो दिवसीय लीडरशिप प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जुड़ी पहाड़ी, बड़ा बाघलता, भुटका और काशीडीह गांवों की 50 किशोरियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण का संचालन अंजना देवगम और चांदमनी सवैया ने किया, जबकि चंद्रकला और रीला ने सहयोग किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य किशोरियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और समानता से जुड़े अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।
प्रशिक्षण के दौरान लैंगिक समानता, बाल विवाह के दुष्परिणाम एवं कानूनी प्रावधान, स्वास्थ्य एवं मासिक धर्म स्वच्छता, प्रभावी संचार और पीयर लीडरशिप जैसे विषयों पर चर्चा हुई। समूह चर्चा के माध्यम से ‘अच्छी लड़की’ और ‘बुरी लड़की’ को लेकर समाज में बनी धारणाओं पर भी विचार किया गया। प्रतिभागियों ने अच्छे नेतृत्व के गुणों पर चर्चा की और मलाला यूसुफजई तथा सुधा मूर्ति के जीवन से जुड़ी प्रेरक कहानियों को जाना।
कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से किशोरियों की शिक्षा, बाल विवाह, जबरदस्ती विवाह, महिलाओं के कामकाज और किशोरियों के खेलकूद जैसे मुद्दों को उठाया गया। सात समूहों ने इन विषयों पर प्रस्तुतियां दीं। किशोरियों को गुड टच और बैड टच से संबंधित जागरूकता वीडियो भी दिखाया गया।
दूसरे दिन प्रभावी संचार पर आधारित खेल गतिविधियां, जोड़ी में सुनने और चित्र बनाने की गतिविधियां तथा अपने आसपास की समस्याओं को पंचायत के समक्ष रखने की रणनीति पर समूह कार्य कराया गया। कार्यक्रम के अंत में किशोरियों से फीडबैक लिया गया।
संस्था के अनुसार, यह प्रशिक्षण पोटका प्रखंड में किशोरियों के नेतृत्व को मजबूत करने, उन्हें शिक्षा से जोड़े रखने और बाल विवाह की रोकथाम की दिशा में चलाए जा रहे दीर्घकालिक प्रयासों का हिस्सा है।


