Campus Boom.
बागबेड़ा संकुल के तत्वावधान में प्रगति सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बिरसानगर में संकुल के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों के सेवक-सेविकाओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 22 सेवक-सेविकाओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बागबेड़ा की अध्यक्ष डॉ. कविता परमार, प्रांतीय समिति सदस्य अरविंद कुमार सिंह, बिरसानगर के अध्यक्ष भोला मंडल, उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, कोषाध्यक्ष गौतम भट्टाचार्य, समिति सदस्य दीपक सिंह एवं वरिष्ठ सेवक संतोष महतो ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों के संचालन में सेवक-सेविकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विद्या भारती संस्थान में कार्यरत सभी सेवक-सेविकाएं कार्यकर्ता भाव से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाते हैं।
डॉ. कविता परमार ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इससे उनमें नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है तथा वे अपने दायित्वों को और अधिक समर्पण के साथ निभाने के लिए प्रेरित होते हैं।
संकुल प्रमुख रंजय कुमार राय ने कहा कि कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता। संस्थान से जुड़े सभी लोग कार्यकर्ता की भावना से काम करते हैं और एक विचारधारा तथा साझा लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ते हैं।
कार्यक्रम में बिरसानगर के अध्यक्ष भोला मंडल एवं उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह का आशीर्वचन भी प्राप्त हुआ। इस अवसर पर बिरसानगर के प्रधानाचार्य अभिलाष गिरि, शास्त्रीनगर के प्रधानाचार्य उपेंद्र पांडेय, रसूनचोपा के प्रधानाचार्य मनास कर, कोवाली की प्रधानाचार्या सविता महतो सहित संकुल के विभिन्न विद्यालयों के सेवक-सेविकाएं उपस्थित रहे।


