Campus Boom.
शिक्षा मंत्रालय और आईआईटी कानपुर की संयुक्त पहल ‘साथी’ (SATHEE) के तहत सोमवार को पूर्वी सिंहभूम के सोहदा स्थित एचसीएल/आईसीसी वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर में ‘प्रगति 2026’ करियर काउंसलिंग एवं जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। करीब दो घंटे चले कार्यक्रम में छात्रों को करियर के विभिन्न अवसरों, उभरती तकनीकों, समय प्रबंधन और व्यक्तिगत विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण एवं स्थानीय छात्रों को स्कूली शिक्षा के बाद उपलब्ध करियर विकल्पों की जानकारी देने के साथ भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना था। छात्रों को उद्योग के अनुभवी अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर भी मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। अतिथियों का स्वागत पुष्प, शॉल एवं स्मृति चिह्न देकर किया गया।
विशेषज्ञों ने बताए सफलता के सूत्र
एचसीएल/आईसीसी के एजीएम/एचआर अभिषेक ने ‘साथी’ केंद्र और एचसीएल/आईसीसी के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि ‘प्रगति 2026’ का उद्देश्य छात्रों को स्कूली शिक्षा के बाद उपलब्ध करियर विकल्पों के प्रति स्पष्टता प्रदान करना है।
मुख्य प्रबंधक अर्जुन लोहरा ने समय प्रबंधन और समर्पण के महत्व पर जोर दिया। मुख्य प्रबंधक, मानव संसाधन सुमित एक्का ने छात्रों से उनके लक्ष्य जाने और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन समय पर ध्यान देने की सलाह दी।
वरिष्ठ प्रबंधक, विद्युत अभिनव कुमार ने संघर्ष के बीच सफलता हासिल करने के व्यावहारिक सूत्र साझा किए। डिप्टी मैनेजर, एचआर साकेत कुमार सिन्हा ने शुरुआती करियर चुनौतियों और शैक्षणिक तनाव से निपटने के उपाय बताए। वहीं प्रबंधक, रसायन/सीएसआर प्रशांत कुमार ने लक्ष्य निर्धारित कर समयसीमा के भीतर उसे हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के बीच शैक्षणिक दबाव, मानसिक तनाव, आत्म-जागरूकता और माता-पिता व बच्चों के बीच सोच के अंतर जैसे विषयों पर भी चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन के साथ तनाव प्रबंधन और मजबूत व्यक्तित्व निर्माण भी जरूरी है।
नाटक के जरिए समझाई ‘साथी’ की भूमिका
कार्यक्रम का संचालन छात्रा मोस्म्मि कालिंदी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन लतिका गोप ने दिया। मनीषा पातर ने ‘साथी’ पहल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों सिनी बनरा, सुष्मिता गोप, राहुल सोरेन, लतिका गोप, तुषार पातर और विशाल पातर ने नाटक के माध्यम से ‘साथी’ की भूमिका और कार्यों को प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ‘साथी मित्र’ पूजा कुमारी, समन्वयक महेंद्र बैठा, शिक्षक श्याम मुर्मू एवं किरण गिरी सहित साथी केंद्र की पूरी टीम और विद्यार्थियों का योगदान रहा।
क्या है ‘प्रगति’ और ‘साथी’
प्रगति (PRAGATI) ‘साथी’ पहल के तहत आयोजित करियर जागरूकता कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य छात्रों को विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी देकर उन्हें अपने लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने की दिशा में प्रेरित करना है।
साथी (SATHEE) शिक्षा मंत्रालय और आईआईटी कानपुर की संयुक्त पहल है। इसके तहत जेईई, नीट जैसी राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को नि:शुल्क अध्ययन सामग्री, वीडियो लेक्चर और मॉक टेस्ट उपलब्ध कराए जाते हैं। साथी केंद्र इन संसाधनों को दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचाने में सहायता करते हैं।


