Campus Boom.
टीआरएफ कंपनी प्रबंधन और टीआरएफ लेबर यूनियन के बीच गुरुवार को बोनस समझौता संपन्न हुआ। समझौते के तहत कर्मचारियों को 12.44 प्रतिशत बोनस देने पर सहमति बनी है। इससे कंपनी के करीब 154 कर्मचारी लाभान्वित होंगे।
उत्पादन, लाभ और सुरक्षा के आधार पर निर्धारित फार्मूले के अनुसार बोनस करीब 9.8 प्रतिशत बन रहा था। हालांकि कर्मचारियों के निरंतर सहयोग और योगदान को देखते हुए यूनियन के अनुरोध पर प्रबंधन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए 12.44 प्रतिशत बोनस पर सहमति दी।
समझौते के तहत कर्मचारियों को अधिकतम ₹91,022 और न्यूनतम ₹29,634 बोनस राशि मिलेगी। कंपनी के अनुसार बोनस की राशि 18 सितंबर तक कर्मचारियों के बैंक खातों में हस्तांतरित कर दी जाएगी।
बोनस समझौते पर प्रबंधन की ओर से प्रबंध निदेशक उमेश कुमार सिंह, सीएफओ अनिमेष उपाध्याय, सीएचआरओ अभिजीत सिंह, हेड मैन्युफैक्चरिंग रवि राव मांडा, हेड एससीएम सौरभ मेहता, हेड फाइनेंस एवं अकाउंट्स प्रियंका गांगुली तथा यूनिट लीडर पर्सनल एंड आईआर प्रमोद कुमार ने हस्ताक्षर किए।
यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय, महामंत्री अंजनी कुमार, डिप्टी प्रेसिडेंट संजय कुमार, वाइस प्रेसिडेंट बेबी कुमारी, सहायक सचिव नवीन कुमार, मनीष कुमार, कोषाध्यक्ष प्रिया महतो, सुशील कुमार, धर्मेंद्र कुमार सिन्हा, धर्मेंद्र कुमार, राजीव कुमार सिंह, सुब्रता देव एवं रवि कुमार ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
समझौते के बाद यूनियन ने कर्मचारियों के हित में सकारात्मक और सहयोगात्मक रुख अपनाने के लिए प्रबंधन के प्रति आभार जताया। प्रबंधन और यूनियन ने भविष्य में भी आपसी विश्वास, सहयोग और बेहतर समन्वय के साथ कंपनी की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लिया।
यूनियन और प्रबंधन के बीच हुआ यह समझौता कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ बेहतर औद्योगिक संबंधों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


