Campus Boom.
छोटा गोविंदपुर स्थित वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में चल रहे कृष्णा बॉयज समिति के श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं सात दिवसीय मेले में बुधवार को महिलाओं के लिए विशेष लठमार मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में करीब 100 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। महिलाओं की भागीदारी से आयोजन स्थल पर उत्सव और भक्तिमय माहौल बना रहा।
प्रतियोगिता के दौरान करीब 50 फीट की दूरी पर छह फीट की ऊंचाई पर रस्सी के सहारे मटकी लटकाई गई। प्रतिभागियों ने आंखों पर पट्टी बांधकर मटकी फोड़ने की चुनौती स्वीकार की। इस दौरान दर्शकों ने तालियों और जयकारों के साथ प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में बीना ने प्रथम, कोयल मंडल ने द्वितीय और संगम शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया। समिति की ओर से विजेताओं को सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य महिलाओं को पारंपरिक खेल और सांस्कृतिक आयोजनों से जोड़ने के साथ महिला सहभागिता, मनोरंजन और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देना है। महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया।
कार्यक्रम में समिति के संस्थापक सोनू सिंह, अध्यक्ष राकेश सिंह, विकास, आलोक सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
10 सितंबर को होगा भव्य दही हांडी मुकाबला
कृष्णा बॉयज समिति की ओर से 10 सितंबर 2026 को शाम सात बजे भव्य दही हांडी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। आयोजकों के अनुसार शहर की पांच टीमें अब तक प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण करा चुकी हैं।
समिति ने शहरवासियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर दही हांडी प्रतियोगिता का आनंद लेने और प्रतिभागी टीमों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।


