के. दुर्गा राव | सरायकेला।
कांड्रा में इस वर्ष विजयादशमी का उत्सव खास होने जा रहा है। रावण दहन की 75 वर्ष पुरानी परंपरा के 75वें वर्ष में 75 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके साथ भव्य आतिशबाजी और बूगी-बूगी नृत्य कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। आयोजन को यादगार बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
सेवा सदन प्रांगण में रविवार को रावण दहन कमेटी की बैठक अध्यक्ष लाल बाबू महतो की अध्यक्षता में हुई। बैठक में इस वर्ष के आयोजन को भव्य रूप देने के लिए कई निर्णय लिए गए।
दुर्गापूजा के बाद विजयादशमी पर उत्सव का चरम
कांड्रा में श्रीश्री दुर्गा पूजा और रावण दहन की परंपरा विजयादशमी के धार्मिक और सांस्कृतिक संदेश से जुड़ी है। नवरात्र के नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना के बाद दशमी को विजयादशमी मनाई जाती है। इसी दिन मां दुर्गा की महिषासुर पर विजय और भगवान श्रीराम की रावण पर विजय की स्मृति में विभिन्न परंपराएं निभाई जाती हैं।
कांड्रा में दुर्गापूजा के बाद रावण दहन के साथ दशहरा उत्सव का समापन होता है। यहां मां दुर्गा की शक्ति और श्रीराम की धर्म विजय का संदेश एक साथ देखने को मिलता है।
1951 में शुरू हुई थी परंपरा
बताया जाता है कि 1951 में सरायकेला ग्लास वर्क्स लिमिटेड, कांड्रा के तत्कालीन निदेशक स्वर्गीय हरिश्चंद्र वाष्र्णेय के प्रयास से कांड्रा कॉलोनी में श्रीश्री दुर्गा पूजा की शुरुआत हुई थी। कंपनी कर्मचारियों ने दुर्गापूजा के साथ रामलीला और रावण दहन आयोजित करने का प्रस्ताव प्रबंधन के समक्ष रखा था। प्रस्ताव स्वीकार होने के बाद यह परंपरा शुरू हुई।
वर्ष 1993 में सरायकेला ग्लास कंपनी बंद हो गई, लेकिन रावण दहन की परंपरा नहीं थमी। स्थानीय लोगों ने इसे अपनी आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जोड़कर जारी रखा। आज भी यह कांड्रा के दशहरा उत्सव का प्रमुख आकर्षण है।
75वां वर्ष अपने आप में ऐतिहासिक
रावण दहन कमेटी के अध्यक्ष लाल बाबू महतो ने कहा कि परंपरा का 75वां वर्ष कांड्रा के लिए ऐतिहासिक अवसर है। कंपनी के दौर में शुरू हुई यह परंपरा आज स्थानीय लोगों की सामूहिक सहभागिता और आस्था से आगे बढ़ रही है। इस वर्ष आयोजन को यादगार बनाने के लिए विशेष कार्यक्रम किए जाएंगे।
बुराइयों के अंत का प्रतीक है रावण दहन
विजयादशमी पर रावण दहन भगवान श्रीराम की रावण पर विजय की स्मृति से जुड़ा है। रावण विद्वान और शक्तिशाली होने के बावजूद अहंकार और अधर्म के कारण पराजित हुआ। इसलिए रावण दहन को अहंकार, क्रोध, लोभ, मोह और अन्य बुराइयों के अंत के प्रतीक के रूप में भी देखा जाता है।
इस बार जब विजयादशमी पर कांड्रा में 75 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा, तो यह 75 वर्षों की आस्था, परंपरा और सामूहिक सहभागिता का भी प्रतीक बनेगा।
कमेटी का पुनर्गठन
बैठक में सर्वसम्मति से रावण दहन कमेटी का पुनर्गठन किया गया। अध्यक्ष लाल बाबू महतो, उपाध्यक्ष राम महतो, सचिव दिलीप दे, राजकिशोर महतो एवं वीरू घटवारी, महासचिव लवकुश प्रसाद, राहुल महतो एवं दीपक घटवारी चुने गए।
सह सचिव की जिम्मेदारी दशरथ रजक, बम्बल दास एवं राहुल रजक को दी गई, जबकि कोषाध्यक्ष सूरज रजक, बादल गोराई, विक्की रजक एवं रवि महतो बनाए गए।
बैठक में चंदन रजक, गोविंद कालिंदी, आकाश कालिंदी, संजय महतो, मंगल गोराई, मुकेश महतो, अजय महतो, विशाल यादव, राजनंदी, विकास रजक, गोविंद गोराई, दिलीप महतो, मुन्ना मंडल, रंजीत मोदक, उमाकांत महतो सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित थे।


