Campus Boom.
आदर्श सेवा संस्थान एवं जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को होटल बुलेवर्ड, बिष्टुपुर में ‘बाल विवाह मुक्त भारत निर्माण सम्मान समारोह’ एवं ‘रक्षक कार्यशाला’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक सरयू राय ने की। इस अवसर पर बाल विवाह की रोकथाम को लेकर संस्था की ओर से किए जा रहे प्रयासों और उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत आदर्श सेवा संस्थान की संस्थापक एवं सचिव प्रभा जायसवाल ने विधायक सरयू राय और विशेष किशोर पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार ठाकुर को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित करने के साथ की।
संस्था की ओर से बताया गया कि अप्रैल 2025 से जून 2026 के बीच जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और अभिभावकों के सहयोग से 444 बाल विवाह होने से पहले रोके गए, जबकि बाल तस्करी के चंगुल से 46 बच्चों को सुरक्षित कराया गया। इसके अलावा आकांक्षी प्रखंडों में 1,950 अति वंचित परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा गया।
संस्था के अनुसार, बाल संरक्षण को मजबूत करने के लिए 50 पंचायत स्तरीय और 50 ग्राम स्तरीय बाल कल्याण एवं संरक्षण समितियों का गठन किया गया। धार्मिक गुरुओं के साथ चार बैठकें, तीन सर्वाइवर नेटवर्क बैठकें तथा विभिन्न धार्मिक स्थलों पर बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता के लिए 70 नोटिस बोर्ड लगाए गए।
बाल विवाह रोककर पढ़ाई जारी रखने वाले बच्चों का सम्मान
कार्यक्रम में उन बच्चों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने स्वयं अपने बाल विवाह को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बच्चों ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि किस तरह उन्होंने बाल विवाह का विरोध किया और अपनी पढ़ाई जारी रखी।
विधायक सरयू राय ने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति है और इसे किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने बच्चों की शिक्षा में सहयोग का भरोसा दिलाते हुए उनकी प्रतिभा को सामने लाने के लिए बाल मेले के आयोजन की बात कही। उन्होंने बाल विवाह उन्मूलन से जुड़े कार्यक्रमों में निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।
विशेष किशोर पुलिस पदाधिकारी मनोज कुमार ठाकुर ने भी बच्चों का मनोबल बढ़ाते हुए बाल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर दिया।
एलोपमेंट के जरिए बाल विवाह की चुनौती
प्रेस कॉन्फ्रेंस में संस्था की सचिव प्रभा जायसवाल ने कहा कि बाल विवाह का स्वरूप बदल रहा है। पहले जहां बाल विवाह के लिए कार्ड छपवाकर आयोजन किए जाते थे, वहीं अब एलोपमेंट के माध्यम से चोरी-छिपे बाल विवाह किए जाने की चुनौती सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि संस्था विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चला रही है और प्रशासन, जनप्रतिनिधियों तथा मीडिया से सहयोग की अपेक्षा है।
संस्था के राकेश मिश्रा एवं कोषाध्यक्ष चंदन कुमारी जायसवाल ने बाल विवाह की रोकथाम के लिए जमीनी स्तर पर लगातार काम करने की आवश्यकता बताई। लक्खी दास ने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आर.एन. चौबे, एम. अर्विंदा, मौसूमी पाण्डे, ऊषा गुप्ता, गुड्डी सिंह, युधिष्ठिर पॉल सहित संस्था के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



