Janmashtami 2026: आज, यानी 4 सितंबर को जन्माष्टमी का त्योहार मनाया जा रहा है। भारत में मनाए जाने वाले प्रमुख त्योहारों में जन्माष्टमी का विशेष महत्व है। यह त्योहार भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी में मनाया जाता है। हिन्दू धर्म में भगवान कृष्ण को भगवान विष्णु का आठवां अवतार माना जाता है।
जन्माष्टमी के दिन मंदिरों को सजाया जाता है, भजन-कीर्तन किए जाते हैं और आधी रात को भगवान कृष्ण के जन्म का उत्सव मनाया जाता है। श्रीकृष्ण को प्रेम, करुणा, बुद्धि और धर्म का प्रतीक माना जाता है। इसलिए जन्माष्टमी केवल एक धार्मिक त्योहार नहीं है, बल्कि यह हमें जीवन में सही रास्ते पर चलने और बुराई के खिलाफ खड़े होने का संदेश भी देती है।
क्यों मनाई जाती है जन्माष्टमी?
पौराणिक मान्यता के अनुसार, द्वापर युग में मथुरा के राजा कंस के अत्याचार से लोग परेशान थे। कंस की बहन देवकी का विवाह वासुदेव से हुआ था। विवाह के बाद पता चला कि देवकी का आठवां पुत्र कंस के अंत का कारण बनेगा।
यह सुनकर कंस ने देवकी और वासुदेव को कारागार में बंद कर दिया। वह देवकी की संतानों को अपने लिए खतरा मानता था। मान्यता है कि कंस ने देवकी के पहले छह पुत्रों का वध कर दिया, जबकि सातवें गर्भ को योगमाया की शक्ति से वासुदेव की अन्य पत्नी रोहिणी के गर्भ में पहुंचा दिया गया। यही बालक सातवें पुत्र बलराम कहलाए।
इसके बाद भाद्रपद मास की कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को देवकी ने भगवान श्रीकृष्ण को जन्म दिया। श्रीकृष्ण का जन्म आधी रात को मथुरा की जेल में हुआ था। इसी उपलक्ष्य में हर साल जन्माष्टमी मनाई जाती है।
कैसे हुआ श्रीकृष्ण का जन्म?
कहा जाता है कि श्रीकृष्ण के जन्म के समय कारागार में दिव्य प्रकाश हुआ। वासुदेव को भगवान कृष्ण ने गोकुल ले जाकर नंद बाबा और यशोदा के यहां छोड़ने का निर्देश दिया। वासुदेव उसी रात नवजात कृष्ण को टोकरी में लेकर यमुना नदी पार करके गोकुल पहुंचे। वहां उन्होंने कृष्ण को यशोदा के पास छोड़ दिया और उनकी नवजात कन्या को लेकर वापस कारागार आ गए।
जब कंस को देवकी की आठवीं संतान के जन्म की खबर मिली, तो वह उसे मारने के लिए कारागार पहुंचा। लेकिन वह कन्या उसके हाथ से छूटकर आकाश में चली गई और देवी के रूप में प्रकट होकर कंस को चेतावनी दी कि उसका अंत करने वाला जन्म ले चुका है। इसके बाद श्रीकृष्ण का बचपन गोकुल और वृंदावन में बीता। उन्होंने अपने बाल रूप में कई लीलाएं कीं और आगे चलकर कंस का वध किया।
जन्माष्टमी कैसे मनाई जाती है?
जन्माष्टमी के दिन लोग भगवान श्रीकृष्ण के लिए व्रत रखते हैं। मंदिरों और घरों में भगवान कृष्ण की झांकियां सजाई जाती हैं। कई जगह बाल कृष्ण को पालने में सजाया जाता है।
रात 12 बजे भगवान कृष्ण के जन्म के समय पूजा की जाती है। इसके बाद उन्हें स्नान कराया जाता है, नए वस्त्र पहनाए जाते हैं और झूले में झुलाया जाता है। भक्त भगवान श्रीकृष्ण को माखन, मिश्री, फल और अन्य प्रसाद अर्पित करते हैं।
मथुरा और वृंदावन में जन्माष्टमी का उत्सव विशेष रूप से भव्य होता है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव में शामिल होने पहुंचते हैं।
जन्माष्टमी 2026 शुभ मुहूर्त और समय
साल 2026 में कृष्ण जन्माष्टमी की मुख्य रात्रि पूजा (निशीथ काल) का शुभ मुहूर्त 4 सितंबर की रात 11:57 बजे से 12:43 बजे तक रहेगा।
अष्टमी तिथि आरंभ: 4 सितंबर 2026 को रात 02:25 बजे
अष्टमी तिथि समाप्त: 5 सितंबर 2026 को रात 12:13 बजे
निशीथ काल पूजा मुहूर्त: रात 11:57 बजे से रात 12:43 बजे तक (कुल अवधि: 45 मिनट)
मध्य रात्रि का क्षण: रात 12:20 बजे
जानकारी के अनुसार, कृष्ण जन्माष्टमी में लोग व्रत रखकर इसका पारण भी करते हैं। कृष्ण जन्माष्टमी के व्रत का पारण 6 सितंबर की सुबह 6 बजे के बाद कर सकते हैं।
दिनभर के अन्य शुभ मुहूर्त
अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:36 बजे से दोपहर 12:24 बजे तक
प्रातः शुभ समय: सुबह 5:46 बजे से 10:26 बजे तक
दोपहर शुभ समय: दोपहर 12:05 बजे से 1:33 बजे तक


