के. दुर्गा राव | सरायकेला
सरायकेला-खरसावां जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला पुलिस के बेड़े में 19 नई बोलेरो शामिल की गईं। नए वाहनों के शामिल होने के बाद जिले में पुलिस के पास अब कुल 38 बोलेरो और 26 बाइक उपलब्ध हो गई हैं। इससे पुलिस की गश्ती और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।
एसपी ने पूजा-अर्चना के बाद वाहनों को किया रवाना
पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी मनोज स्वर्गियारी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के बाद एसपी ने स्वयं बोलेरो की स्टेयरिंग संभाली और एसडीपीओ तथा मुख्यालय डीएसपी के साथ कोलेबिरा तक पेट्रोलिंग कर गश्ती व्यवस्था का जायजा लिया।
कम होगा पुलिस का रिस्पांस टाइम
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि नए वाहनों के उपलब्ध होने से पुलिस का प्रतिक्रिया समय कम होगा। किसी आपराधिक घटना या आपात स्थिति की सूचना मिलने पर पुलिस टीम पहले की तुलना में तेजी से मौके तक पहुंच सकेगी। उन्होंने कहा कि इससे अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ नियमित पेट्रोलिंग व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
पुलिस को मिले 40 प्राथमिक उपचार किट
इसी क्रम में ब्रह्मानंद नारायणा अस्पताल, तमोलिया की ओर से जिला पुलिस को 40 प्राथमिक उपचार चिकित्सा किट भी उपलब्ध कराए गए। इन किटों का इस्तेमाल सड़क दुर्घटना, घायल व्यक्तियों और अन्य आपात परिस्थितियों में मौके पर तत्काल प्राथमिक उपचार देने के लिए किया जा सकेगा।
दूरदराज क्षेत्रों में भी तत्काल पहुंचेगी सहायता
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नए वाहन और प्राथमिक उपचार किट पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। नए वाहनों से दूरदराज के इलाकों में नियमित पेट्रोलिंग को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में पुलिसकर्मी मौके पर प्राथमिक सहायता भी उपलब्ध करा सकेंगे।


