Campus Boom.
सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय टीम पीएसएफ से जुड़े छह युवा शतकवीर रक्तदाताओं को सोमवार को सम्मानित किया गया। टेल्को रिक्रिएशन क्लब में जोहार झारखंड और ओम कांवरिया सेवा संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के दौरान इन रक्तदाताओं को उनके नियमित रक्तदान और मानव सेवा में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
छह रक्तदाताओं ने 108 से 143 बार किया रक्तदान
सम्मानित होने वाले रक्तदाताओं में कुमारेश हाजरा ने 143 बार, मनोरंजन गौड़ ने 117 बार, रवि शंकर ने 113 बार तथा उत्तम कुमार गोराई, कमल कुमार घोष और अवधेश कुमार वर्मा ने 108-108 बार रक्तदान किया है। सभी को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने बढ़ाया उत्साह
सम्मान समारोह में घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, समाजसेवी विजय खां, शिव शंकर सिंह, शंभु सिंह, जमशेदपुर ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी एवं जोहार झारखंड के पप्पू जी मौजूद रहे। अतिथियों ने शतकवीर रक्तदाताओं के सेवा भाव की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
युवाओं के योगदान को किया साझा
टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार ने एक-एक कर सभी शतकवीर रक्तदाताओं के समाज के प्रति योगदान और समर्पण की जानकारी उपस्थित लोगों के साथ साझा की। उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान के प्रति युवाओं का बढ़ता रुझान जरूरतमंद मरीजों के लिए महत्वपूर्ण है।
समाजसेवा और रक्तदान का संदेश
ओम कांवरिया सेवा संघ और जोहार झारखंड सामाजिक सेवा के विभिन्न कार्यों में सक्रिय रहे हैं। श्रावण माह में सुईयां पहाड़ के पास निःशुल्क सेवा शिविर आयोजित करने के लिए भी इन संस्थाओं की पहचान रही है। रक्तदान शिविर के माध्यम से आयोजकों ने नियमित स्वैच्छिक रक्तदान और मानव सेवा का संदेश दिया।




