Campus Boom.
जमशेदपुर के तेलुगु समाज की महिलाओं की ओर से शनिवार को सोनारी स्थित चित्रगुप्त भवन में भव्य श्रावण उत्सव ‘श्रावणा संदड़ी’ का आयोजन किया गया। जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर उत्सव में शामिल हुईं। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले कार्यक्रम में महिलाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
गणेश वंदना से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना के साथ हुई। इसके बाद महिलाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। उत्सव की सबसे चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिता ‘ललिता सहस्रनाम श्लोक पाठ’ रही, जिसमें प्रतिभागियों ने संस्कृत के 180 श्लोकों का सामूहिक रूप से पाठ किया।
दस-दस महिलाओं के समूह ने किया श्लोक पाठ
प्रतियोगिता में महिलाओं ने दस-दस के समूह बनाए और 180 श्लोकों का तीन भागों में पाठ एवं व्याख्यान प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों ने संस्कृत श्लोकों के उच्चारण और प्रस्तुति के माध्यम से अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति जुड़ाव का परिचय दिया।
बच्ची के नृत्य ने मोहा मन
कार्यक्रम में एक छोटी बच्ची की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसके अलावा कई मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए गए। महिलाओं ने गीत-संगीत और नृत्य में हिस्सा लेकर उत्सव का आनंद उठाया। आयोजकों के अनुसार, रोजमर्रा के घरेलू कार्यों से कुछ समय अलग निकालकर महिलाओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।
श्रावण उत्सव के जरिए संस्कृति से जुड़ाव
आयोजक जी. विजया लक्ष्मी और के. मनी ने बताया कि तेलुगु समाज में श्रावण मास का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। इस वर्ष श्रावण मास 14 अगस्त से शुरू हुआ है। समाज की महिलाओं द्वारा पिछले वर्ष से श्रावण उत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को एक मंच पर लाने के साथ अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है।
तीन वर्षों से निशुल्क सिखाई जा रही तेलुगु भाषा
आयोजकों ने बताया कि जमशेदपुर में कई दशकों से रह रहे तेलुगु समाज के ऐसे लोगों के लिए, जिन्हें अपनी मातृभाषा में पढ़ना-लिखना नहीं आता, कदमा स्थित आंध्र स्कूल परिसर में प्रत्येक रविवार शाम निशुल्क तेलुगु भाषा की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इसके साथ कर्नाटक संगीत भी सिखाया जाता है। इन कक्षाओं में उम्र और लिंग की कोई बाध्यता नहीं है। समाज से बाहर के कुछ लोग भी तेलुगु सीखने में रुचि दिखा रहे हैं। यह पहल पिछले तीन वर्षों से जारी है।
सामाजिक सेवा में भी सक्रिय है तेलुगु समाज
आयोजकों ने बताया कि तेलुगु समाज की महिलाएं और पुरुष विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हैं और सामाजिक सेवा के कार्यों में भी सक्रिय रूप से भाग लेते हैं। जरूरतमंद महिलाओं के विवाह में आर्थिक सहयोग, बुजुर्गों की सहायता, गरीब बच्चों की शिक्षा में मदद, वृद्धाश्रम में पर्व-त्योहारों पर भोजन की व्यवस्था तथा जरूरतमंद बच्चों को स्कूल की किताब-कॉपी उपलब्ध कराने जैसे कार्य किए जाते हैं।
सहयोग से आगे बढ़ रहा सामाजिक सरोकार
आयोजकों के अनुसार, समाज के लोग अपनी क्षमता के अनुसार सामाजिक सेवा के इन कार्यों में सहयोग करते हैं। ‘श्रावणा संदड़ी’ उत्सव ने जहां महिलाओं को मनोरंजन और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का अवसर दिया, वहीं तेलुगु समाज की भाषा, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक सरोकारों को भी मजबूत करने का संदेश दिया।


