Raksha Bandhan Speech: आज रक्षाबंधन है। रक्षाबंधन भाई-बहन के प्यार और अटूट बंधन का खूबसूरत त्योहार है। इस दिन बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती है और भाई अपनी बहन के प्रति प्रेम और साथ निभाने का संकल्प लेता है। स्कूलों में इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की जाती है। ऐसे में छोटे बच्चों के लिए जरूरी है कि भाषण सरल शब्दों में और आसानी से याद होने वाला हो।
प्राइमरी कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को ध्यान में रखते हुए यहां रक्षाबंधन पर 100, 200 और 300 शब्दों के तीन अलग-अलग भाषण दिए गए हैं। तीनों भाषणों की भाषा और विचार अलग रखे गए हैं, ताकि बच्चे अपनी कक्षा और सुविधा के अनुसार भाषण चुन सकें।
Raksha Bandhan 2026 रक्षाबंधन पर 100 शब्दों का भाषण
आदरणीय प्रधानाचार्य जी, शिक्षकगण और मेरे प्यारे दोस्तों, आप सभी को नमस्कार।
आज मैं रक्षाबंधन के बारे में कुछ शब्द कहना चाहता/चाहती हूं। रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम का त्योहार है। यह पर्व हर साल सावन महीने की पूर्णिमा को मनाया जाता है। इस दिन बहन अपने भाई की कलाई पर सुंदर राखी बांधती है। भाई अपनी बहन को उपहार देता है और हमेशा उसका साथ देने का वादा करता है।
राखी केवल एक धागा नहीं है। यह प्यार, विश्वास और अपनापन दर्शाती है। इस दिन परिवार के सभी लोग साथ मिलकर खुशियां मनाते हैं और मिठाइयां खाते हैं। आइए हम अपने भाई-बहन का हमेशा सम्मान करें और एक-दूसरे का साथ दें।
धन्यवाद।
Rakhi Ka Tyohar 200 शब्दों में रक्षाबंधन पर भाषण
आदरणीय प्रधानाचार्य जी, सम्मानित शिक्षकगण और मेरे सभी साथियों, आप सभी को मेरा नमस्कार।
आज मुझे रक्षाबंधन जैसे सुंदर त्योहार पर अपने विचार रखने का अवसर मिला है। रक्षाबंधन हमारे देश के प्रमुख त्योहारों में से एक है। यह पर्व भाई-बहन के रिश्ते को और मजबूत बनाने का अवसर देता है।
रक्षाबंधन के दिन बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती है। वह अपने भाई के अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना करती है। भाई भी अपनी बहन को प्यार और सम्मान देने का वचन देता है। दोनों एक-दूसरे को मिठाई खिलाते हैं और उपहार देते हैं।
रक्षाबंधन का त्योहार हमें सिखाता है कि परिवार के रिश्ते बहुत अनमोल होते हैं। भाई-बहन चाहे कितनी भी दूर क्यों न रहें, उनके बीच का प्यार हमेशा बना रह सकता है। आज के समय में भाई और बहन दोनों एक-दूसरे की मदद और सुरक्षा का ध्यान रखते हैं।
हमें इस त्योहार को केवल राखी और उपहार तक सीमित नहीं रखना चाहिए। हमें अपने भाई-बहन के साथ प्यार से रहना चाहिए और जरूरत के समय उनकी मदद करनी चाहिए। आइए इस रक्षाबंधन हम अपने रिश्तों को और मजबूत बनाने का संकल्प लें।
धन्यवाद।
Raksha Bandhan रक्षाबंधन पर 300 शब्दों का भाषण
माननीय प्रधानाचार्य जी, आदरणीय शिक्षकगण और मेरे प्यारे दोस्तों, आप सभी को मेरा सादर नमस्कार।
आज मैं आप सभी के सामने रक्षाबंधन के बारे में अपने विचार साझा करना चाहता/चाहती हूं। रक्षाबंधन भारत का एक प्यारा और पारंपरिक त्योहार है। यह दिन भाई-बहन के रिश्ते की खूबसूरती को मनाने का अवसर देता है।
रक्षाबंधन सावन महीने की पूर्णिमा को मनाया जाता है। इस दिन घर में उत्सव का माहौल रहता है। बहनें अपने भाइयों के लिए राखी लेकर आती हैं। पूजा की थाली सजाई जाती है। बहन भाई के माथे पर तिलक लगाती है और उसकी कलाई पर राखी बांधती है। इसके बाद दोनों एक-दूसरे को मिठाई खिलाते हैं। भाई अपनी बहन को उपहार देता है।
रक्षाबंधन से जुड़ी कई पौराणिक कथाएं भी सुनने को मिलती हैं। भगवान कृष्ण और द्रौपदी की कथा इनमें काफी प्रसिद्ध है। इन कथाओं के माध्यम से प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी का संदेश मिलता है। आज रक्षाबंधन का अर्थ केवल भाई द्वारा बहन की रक्षा करने तक सीमित नहीं है।
भाई और बहन दोनों एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े होते हैं। वे एक-दूसरे की पढ़ाई, काम और जीवन के अलग-अलग पड़ावों में मदद करते हैं। यह त्योहार हमें परिवार की अहमियत भी समझाता है। हमें अपने भाई-बहन से हमेशा प्यार और सम्मान से बात करनी चाहिए। छोटी-छोटी बातों पर नाराज होने के बजाय एक-दूसरे को समझने की कोशिश करनी चाहिए।
राखी की एक छोटी-सी डोरी हमें सच्चे रिश्तों में प्यार और विश्वास को मजबूत करना सिखाती हैं। इसलिए हमें रक्षाबंधन के अवसर पर केवल त्योहार नहीं मनाना चाहिए, बल्कि अपने रिश्तों को भी महत्व देना चाहिए। इन्हीं शब्दों के साथ मैं अपनी वाणी को विराम देता/देती हूं। आप सभी को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं।
धन्यवाद।


