When is Onam 2026: भारत को यूं ही त्योहारों का देश नहीं कहा जाता। यहां 12 महीने 13 पर्व मनाए जाते हैं। हर त्योहार अपने साथ एक अलग रंग, परंपरा और कहानी लेकर आता है। कहीं दीपों से घर रोशन होते हैं, तो कहीं फूलों से आंगन सजता है। ऐसा ही एक पर्व दक्षिण भारत के केरल में मनाया जाता है। इस खूबसूरत पर्व को ओणम कहा जाता है। यह केरल की संस्कृति, परंपरा और खुशहाली का प्रतीक माना जाता है।
भाईचारे और समृद्धि का संदेश देने वाला पर्व ओणम राजा महाबली की याद में मनाया जाता है। केरल की संस्कृति में ओणम का विशेष स्थान है। इसे केवल एक त्योहार के रूप में ही नहीं, बल्कि खुशी, समृद्धि, समानता और मिल-जुलकर रहने की भावना का उत्सव माना जाता है।
इस दिन घरों में फूलों से पुक्कलम सजाया जाता है। परिवार साथ बैठकर ओणसद्या का आनंद लेते हैं और पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हैं। केरल पर्यटन के अनुसार तिरुवोनम ओणम के 10 दिवसीय उत्सव का सबसे महत्वपूर्ण दिन माना जाता है।
Onam 2026 कब मनाया जाएगा?
इस वर्ष ओणम 2026 का मुख्य दिन यानी तिरुवोनम 26 अगस्त 2026, बुधवार को मनाया जाएगा। तिरुवोनम नक्षत्र 25 अगस्त की रात शुरू होकर 27 अगस्त की रात तक रहेगा। ओणम का उत्सव केवल एक दिन का नहीं होता। इसकी शुरुआत अथम से मानी जाती है और अगले 10 दिनों तक अलग-अलग कार्यक्रम होते हैं। दसवें दिन तिरुवोनम आता है और ये उत्सव का समापन माना जाता है।
क्या है ओणम?
ओणम केरल का प्रमुख पारंपरिक त्योहार है। इसे विशेष रूप से मलयाली समुदाय बड़े उत्साह के साथ मनाता है। यह मलयालम कैलेंडर के चिंगम महीने में आता है। तिरुवोनम नक्षत्र के दिन मुख्य उत्सव मनाया जाता है। ओणम को फसल और समृद्धि से जुड़ा उत्सव माना जाता है। इस अवसर पर लोग नए कपड़े पहनते हैं, घर सजाते हैं और परिवार के साथ भोजन करते हैं।
ओणम क्यों मनाया जाता है?
ओणम की सबसे प्रसिद्ध कथा राजा महाबली से जुड़ी है। मान्यता है कि महाबली एक न्यायप्रिय और लोकप्रिय राजा थे। उनके शासन में प्रजा खुशहाल थी। लोगों के बीच समानता और समृद्धि थी। कथा के अनुसार भगवान विष्णु ने वामन अवतार धारण किया। वामन ने राजा महाबली से तीन पग भूमि मांगी।
महाबली ने उनकी मांग स्वीकार कर ली। इसके बाद वामन ने विशाल रूप धारण किया। उन्होंने पहले पग में पृथ्वी और दूसरे पग में आकाश नाप लिया। तीसरे पग के लिए महाबली ने अपना सिर आगे कर दिया। इस तरह उन्होंने अपना वचन पूरा किया।
मान्यता है कि महाबली को वर्ष में एक बार अपनी प्रजा से मिलने का अवसर मिलता है। तिरुवोनम के दिन उनके केरल लौटने की खुशी में लोग घर सजाते हैं और उनका स्वागत करते हैं।
ओणम का इतिहास Onam History
ओणम की परंपरा बहुत पुरानी मानी जाती है। समय के साथ यह धार्मिक परंपरा से आगे बढ़कर केरल की सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा बन गया। केरल पर्यटन के अनुसार 1961 में ओणम को केरल का राष्ट्रीय त्योहार घोषित किया गया। इसके बाद सरकारी स्तर पर भी इसके आयोजन को बढ़ावा मिला।
1980 के दशक में केरल पर्यटन विभाग की भागीदारी बढ़ने के साथ ओणम समारोहों का सार्वजनिक स्वरूप और व्यापक हुआ। आज ओणम केरल के साथ-साथ देश और विदेश में रहने वाले मलयाली लोगों द्वारा भी मनाया जाता है।
ओणम पर क्या-क्या किया जाता है?
ओणम के दौरान कई पारंपरिक गतिविधियां होती हैं। इनमें पुक्कलम यानी फूलों से बनाई जाने वाली रंगीन सजावट को पुक्कलम कहा जाता है। लोग घर के सामने अलग-अलग फूलों से सुंदर आकृतियां बनाते हैं। ओणसद्या, ओणम का सबसे खास आकर्षण है। यह पारंपरिक शाकाहारी भोज होता है। इसे आमतौर पर केले के पत्ते पर परोसा जाता है। इसमें कई तरह के व्यंजन शामिल होते हैं।
इस दिन लोग नए और पारंपरिक कपड़े पहनते हैं। परिवार के सदस्य साथ मिलकर त्योहार मनाते हैं। ओणम के दौरान पारंपरिक नृत्य, संगीत, खेल और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
केरल के कई हिस्सों में सार्वजनिक समारोह भी होते हैं। केरल की प्रसिद्ध वल्लमकली यानी नौका दौड़ भी ओणम उत्सव का आकर्षण है। इसमें लंबी पारंपरिक नौकाओं में सवार टीमें प्रतियोगिता में हिस्सा लेती हैं।


