National Space Day 2026: आसमान में चमकते सितारों को देखकर कभी न कभी यह सवाल जरूर आया होगा कि इंसान अंतरिक्ष तक कैसे पहुंचा होगा। भारत के लिए अंतरिक्ष की दुनिया केवल वैज्ञानिक उपलब्धियों की कहानी तक सीमित नहीं है। यह उन वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की मेहनत की कहानी भी है, जिन्होंने सीमित संसाधनों से शुरुआत करके देश को अंतरिक्ष के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई।
भारत की इसी उपलब्धि और वैज्ञानिक सोच को सम्मानित करने के उद्देश्य से एक विशेष दिन निर्धारित किया गया है। भारत में इस विशेष दिन को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस या National Space Day के रूप में मनाया जाता है। यह दिन देश के सभी वैज्ञानिक, इंजीनियर और उन तमाम लोगों को समर्पित है, जो निरंतर प्रयासों से अंतरिक्ष में भारत की मौजूदगी दर्ज कर रहे हैं।
आइए इस लेख के माध्यम से जानते हैं भारत में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाने की शुरुआत कब और कैसे हुई? साथ ही जानेंगे कि राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस का इतिहास और महत्व क्या है? यहां हम यह भा जानेंगे कि इस वर्ष राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस किस थीम पर आधारित है।
National Space Day 2026 कब मनाया जाता है राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस?
प्रत्येक वर्ष भारत में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस 23 अगस्त को मनाया जाता है। इस वर्ष भी नेशनल स्पेस डे 23 अगस्त यानी रविवार को मनाया जाएगा। अंतरिक्ष दिवस को विभिन्न संस्थानों में बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। यह दिन भारत के अंतरिक्ष इतिहास के लिए बेहद महत्वपूर्ण दिन है। चलिए जानें नेशनल स्पेस डे का इतिहास क्या है।
राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस का इतिहास | National Space Day History
भारत के अंतरिक्ष इतिहास में 23 अगस्त का दिन बेहद खास है। साल 2023 में इसी दिन भारत के बहुप्रतिक्षित चंद्रयान-3 मिशन को सफलता मिली थी। इस दिन चंद्रयान- 3 के विक्रम लैंडर ने चंद्रमा की सतह पर सफल सॉफ्ट लैंडिंग की थी। इसी के साथ चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र के पास सफलतापूर्वक उतरने वाला भारत पहला देश बना। इसी ऐतिहासिक उपलब्धि की याद में भारत सरकार ने हर वर्ष 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।
क्यों खास है चंद्रयान-3 मिशन की सफलता
चंद्रयान-3 मिशन की सफलता ने भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को पूरी दुनिया में चर्चा के केंद्र में ला दिया। 23 अगस्त 2023 को विक्रम लैंडर की सफल लैंडिंग और प्रज्ञान रोवर के चंद्र सतह पर काम करने के बाद इस उपलब्धि को देश के लिए ऐतिहासिक क्षण माना गया।
इसके बाद भारत सरकार ने 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस घोषित किया। पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस 23 अगस्त 2024 को मनाया गया। इसके बाद 2025 में इसका दूसरा संस्करण आयोजित किया गया।
2026 में कौन सा राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस होगा?
चूंकि 23 अगस्त 2024 को पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया गया था, इसलिए 23 अगस्त 2026 को भारत तीसरा राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाएगा। यह दिवस केवल चंद्रयान-3 की उपलब्धि को याद करने तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य अंतरिक्ष विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान के प्रति युवाओं और आम लोगों की रुचि बढ़ाना भी है।
National Space Day 2026 Theme की थीम क्या है?
यहां एक महत्वपूर्ण बात ध्यान देने वाली है। 23 अगस्त 2026 के राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस की आधिकारिक थीम की घोषणा नेशनल स्पेस डे की ऑफिशियल वेबसाइट पर कर दी गई है। भारत के राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस 2026 की थीम है “विकसित भारत की ओर – ग्लोबल स्पेस लीडरशिप के लिए इनोवेशन, सहयोग और प्रेरणा” निर्धारित किया गया।
पिछले वर्ष यानी राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस 2025 की थीम “आर्यभट्ट से गगनयान तक: प्राचीन ज्ञान से अनंत संभावनाओं की ओर” थी। 2025 के आयोजन में भारत की अंतरिक्ष यात्रा, अंतरिक्ष स्टार्टअप, विद्यार्थियों, वैज्ञानिकों और भविष्य के अंतरिक्ष मिशनों पर विशेष जोर दिया गया था।
National Space Day क्यों महत्वपूर्ण है?
राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस का महत्व कई स्तरों पर है। यह दिन चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक सफलता को याद करने के लिए विशेष रूप से याद किया है। साथ ही इस दिन भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की लंबी और गौरवपूर्ण यात्रा को भी प्रतिबिंबित किया जाता है।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी इसरो द्वारा हर साल राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों के लिए कई जागरूकता और शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। बता दें कि साल 2025 के आयोजनों में देशभर में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लिया था।
इस दिन आम लोगों में अंतरिक्ष विज्ञान की समझ बढ़ाने पर भी जोर दिया जाता है। अंतरिक्ष तकनीक का इस्तेमाल केवल रॉकेट और चंद्रमा तक पहुंचने के लिए नहीं होता। मौसम, संचार, कृषि, आपदा प्रबंधन, नेविगेशन और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में भी अंतरिक्ष तकनीक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
देश के लिए बड़े ही गौरव की बात है कि आज भारत गगनयान और अन्य महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष कार्यक्रमों की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विद्यार्थियों और युवाओं को इन क्षेत्रों से जोड़ना राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य है।


