के. दुर्गा राव। सरायकेला
सरायकेला। जिले के सोशल मीडिया क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स के लिए यह गौरव की बात है कि सरायकेला के चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर चंदन कुमार दे और प्रदीप कुमार को पश्चिम बंगाल के आद्रा में आयोजित होने वाले ‘इन्फ्लुएंसर मिलन मेला’ में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम आगामी 23 अगस्त 2026, रविवार को आद्रा स्थित साहेब बांध पार्क में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा।
आयोजन में सोशल मीडिया से जुड़े क्रिएटर्स के बीच मुलाकात और संवाद के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विभिन्न व्यंजनों का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य सोशल मीडिया क्रिएटर्स को एक मंच पर लाकर अनुभव साझा करने और नई संभावनाओं पर चर्चा का अवसर उपलब्ध कराना है।
नए क्रिएटर्स को सोशल मीडिया की बारीकियों की दे रहे जानकारी
चंदन कुमार दे और प्रदीप कुमार लंबे समय से फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां लोगों तक पहुंचाने के साथ नए क्रिएटर्स को सोशल मीडिया के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन दे रहे हैं।
बताया गया कि सरायकेला जिले में पहली बार दोनों के प्रयास से 17 मई को कांड्रा में फेसबुक मीटअप आयोजित किया गया था। इसमें झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के बड़ी संख्या में फेसबुक क्रिएटर्स ने हिस्सा लिया था। कार्यक्रम में फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई थी।
इसके बाद 19 जुलाई को गम्हरिया प्रखंड के सातबोहनी में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों एवं सोशल मीडिया क्रिएटर्स को डिजिटल प्लेटफॉर्म से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
फेसबुक मोनेटाइजेशन की जानकारी से लोगों को मिला लाभ
चंदन कुमार दे और प्रदीप कुमार के प्रयासों से सरायकेला जिले के कई लोगों को फेसबुक मोनेटाइजेशन से जुड़े टूल और सुविधाओं की जानकारी मिली है। इससे कई लोग सोशल मीडिया के माध्यम से आय के अवसरों को समझने और आगे बढ़ने की दिशा में प्रयास कर सके हैं।
इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम के जादूगोड़ा स्थित पिकनिक स्पॉट में आयोजित कार्यक्रम में भी दोनों को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था।
आद्रा में सम्मान के साथ शामिल होंगे दोनों
आद्रा डिवीजन के साहेब बांध पार्क में आयोजित होने वाले इन्फ्लुएंसर मिलन मेले में दोनों की भागीदारी को सरायकेला जिले के लिए उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। आयोजकों की ओर से पश्चिम बंगाल के चर्चित सुपरस्टार बाबूराव के आमंत्रण पर चंदन कुमार दे और प्रदीप कुमार कार्यक्रम में शामिल होंगे।
लगातार सोशल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय दोनों क्रिएटर्स सरायकेला जिले के लोगों को डिजिटल प्लेटफॉर्म की संभावनाओं से जोड़ने का काम कर रहे हैं। आद्रा में होने वाला यह मिलन मेला सोशल मीडिया क्रिएटर्स के बीच आपसी संवाद, अनुभव साझा करने और नए अवसरों की जानकारी के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित होने की उम्मीद है।


