Jharkhand Exam Row: झारखंड में सरकारी भर्ती परीक्षाओं को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद अब एक बड़े प्रशासनिक फैसले तक पहुंच गया है। राज्य सरकार ने अभ्यर्थियों के विरोध प्रदर्शन, भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और जांच एजेंसियों की कार्रवाई के बीच बड़ा कदम उठाते हुए झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की संयुक्त स्नातक स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा (JSSC-CGL) को रद्द करने का फैसला किया है।
सोमवार को झारखंड के मुख्यमंत्री ने बीते कई दिनों से विरोध प्रदर्शन और अनशन पर बैठे छात्रों की मांगों को ध्यान में रखते हुए उक्त निर्णय लिया है। बता दें कि इसके साथ ही वर्ष 2014 से निजी एजेंसी टीडीपीएल यानी TSR Data Processing Limited द्वारा आयोजित सभी भर्ती परीक्षाओं की जांच कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। यह फैसला हजारों अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हजारों की संख्या में छात्र लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे।
जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा रद्द होने के बाद अब अभ्यर्थियों को नई परीक्षा से संबंधित घोषणा का इंतजार करना होगा। सरकार का कहना है कि उद्देश्य योग्य उम्मीदवारों के साथ न्याय करना और भर्ती प्रक्रिया में जनता का विश्वास बहाल करना है। नई परीक्षा की तिथि और प्रक्रिया आयोग द्वारा अलग से घोषित की जाएगी।
क्या है पूरा मामला?
पिछले कुछ समय से झारखंड में आयोजित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं को लेकर अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र लीक, परीक्षा संचालन में गड़बड़ी, मूल्यांकन और चयन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं जैसे आरोप लगाए थे। इन आरोपों को लेकर राज्यभर में प्रदर्शन हुए और छात्रों ने सरकार से निष्पक्ष जांच की मांग की। मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग सामने आए और राज्य की अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने जांच तेज कर दी।
JSSC कार्यालय में CID की छापेमारी
जांच के क्रम में सीआईडी ने जेएसएससी कार्यालय में छापेमारी की और भर्ती से जुड़े दस्तावेज तथा डिजिटल रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए। अधिकारियों के अनुसार, जांच का उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की पड़ताल करना है।
विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस पूरे मामले में अब तक करीब 20 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें परीक्षा संचालन से जुड़े कुछ अधिकारी, कर्मचारी और निजी एजेंसी से जुड़े लोग भी शामिल बताए गए हैं। जांच अभी जारी है और आगे भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
Jharkhand Exam Row मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने क्या घोषणा की?
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अभ्यर्थियों की मांगों और जांच की प्रगति को देखते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा रद्द करने, वर्ष 2014 से टीडीपीएल द्वारा आयोजित सभी भर्ती परीक्षाओं की जांच करने, भर्ती प्रक्रिया में सुधार के लिए विशेषज्ञ समिति (Reforms Panel) बनाने की घोषणा की गई। प्रदेश के सीएम हेमंत सोरेन ने भविष्य की भर्तियों को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए नई व्यवस्था तैयार करने के निर्देश दिए।
सरकार ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भर्ती प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए कई सुधार किए जाएंगे। इनमें परीक्षा संचालन, एजेंसी चयन, निगरानी व्यवस्था और तकनीकी सुरक्षा उपायों को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। हालांकि नई परीक्षा या संशोधित भर्ती कैलेंडर को लेकर विस्तृत जानकारी बाद में जारी की जाएगी।
TDPL क्यों है जांच के दायरे में?
आपको बता दें कि टीडीपीएल एक निजी एजेंसी है। इसे प्रदेश में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के आयोजन का कार्य दिया गया था। अब सरकार ने निर्णय लिया है कि वर्ष 2014 से इस एजेंसी द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं की जांच की जाएगी ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं किसी परीक्षा में प्रक्रिया संबंधी अनियमितता या नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ।
अभ्यर्थियों की क्या थी मांग?
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगें थीं कि जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा रद्द की जाए, कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
उनकी मांग थी कि भविष्य की भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनाई जाए और योग्य उम्मीदवारों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।


