K. Durga Rao.
सरायकेला। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरायकेला स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में जिला के उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने राष्ट्रध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान के साथ पूरा स्टेडियम परिसर देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओत-प्रोत हो उठा। मौके जिला के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी और सभी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


समारोह के दौरान जिले में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया गया। पुलिस विभाग के पदाधिकारियों एवं जवानों तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों को भी उनके उल्लेखनीय योगदान और जनसेवा के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
जनसेवा में समर्पण को मिला सम्मान
सम्मान समारोह के दौरान प्रशासन, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि सरकारी तंत्र के विभिन्न विभागों के कर्मियों की निष्ठा, कर्तव्यपरायणता और समर्पण से जनसेवा को मजबूती मिलती है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित करने का उद्देश्य उनके योगदान को पहचान देने के साथ-साथ उनका उत्साहवर्धन करना और अन्य कर्मियों को भी जनहित में समर्पित होकर कार्य करने के लिए प्रेरित करना है।
देशभक्ति के माहौल में संपन्न हुआ समारोह
जिला स्तरीय समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना देखने को मिली। समारोह ने बेहतर प्रशासन, जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश दिया।




