Campus Boom.
भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जमशेदपुर प्रेस क्लब परिसर एल-2/6, अमानत रोड में गरिमापूर्ण माहौल में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजीव भारद्वाज ने राष्ट्रध्वज फहराया। इस दौरान क्लब के पदाधिकारियों, सदस्यों और शहर के पत्रकारों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी तथा देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
ध्वजारोहण के बाद उपस्थित पत्रकारों और क्लब सदस्यों को संबोधित करते हुए अध्यक्ष संजीव भारद्वाज ने कहा कि पत्रकारों और क्लब के सदस्यों के हितों एवं सुरक्षा के लिए जमशेदपुर प्रेस क्लब हरसंभव प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज और लोकतंत्र के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनके कल्याण और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में क्लब लगातार काम करेगा।
लंबे प्रयास के बाद मिला क्लब को अपना ठिकाना
अध्यक्ष ने कहा कि लंबे समय के प्रयास के बाद जमशेदपुर प्रेस क्लब को टाटा स्टील में पंजीकृत क्वार्टर का आवंटन होना क्लब के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अमानत रोड स्थित क्वार्टर नंबर एल-2/6 क्लब को आवंटित किया गया है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय क्लब के सभी सदस्यों की एकजुटता और सामूहिक प्रयास को देते हुए कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे क्लब परिवार की सफलता है।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इस स्थान को पत्रकारों के लिए उपयोगी और सुविधाजनक बनाने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी। क्लब का उद्देश्य केवल एक भवन या कार्यालय तक सीमित नहीं है, बल्कि पत्रकारों के हित, सुरक्षा, सम्मान और कल्याण के लिए मजबूत मंच तैयार करना है।
सदस्यों के लिए शुरू हुई मेडिकल सुविधा
क्लब के महासचिव विकास श्रीवास्तव ने सभी पत्रकार साथियों और सदस्यों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन देश के गौरव के साथ-साथ नए संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर प्रेस क्लब पत्रकारों और उनके परिवारों के हित में लगातार नई पहल कर रहा है।
उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस से ही जमशेदपुर प्रेस क्लब के सदस्यों के लिए मेडिकल सुविधा शुरू की गई है। इस पहल का उद्देश्य पत्रकारों और उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग करना है। उन्होंने कहा कि क्लब भविष्य में भी सदस्यों के कल्याण से जुड़ी अन्य सुविधाएं शुरू करने के लिए प्रयासरत रहेगा।
एकजुटता और लोकतांत्रिक मूल्यों का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान क्लब के सदस्यों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। पत्रकारों ने देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और स्वतंत्र पत्रकारिता को मजबूत करने का संकल्प लिया। समारोह आपसी भाईचारे, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर क्लब के उपाध्यक्ष सुमित झा, सह सचिव अमित तिवारी, पूर्व अध्यक्ष बी. श्रीनिवास, पूर्व महासचिव गुलाब सिंह, श्याम झा, कौशल सिंह, कुलविंदर सिंह, रघुवंशमणि सिंह, अरविंद श्रीवास्तव, रवि झा, जितेंद्र कुमार, निखिल सिन्हा, रमन झा, निलय सेनगुप्ता, डॉ. प्रमोद, मिथिलेश चौबे, चंद्रशेखर, अरविंद सिंह, धनंजय, आकाश, अविनाश शर्मा, सानू सरकार, अभिषेक सिन्हा, अंकित, नितीश, नागेंद्र कुमार सहित क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे।




