K. Durga Rao.
गम्हरिया। छोटा गम्हरिया स्थित वाणी विद्या मंदिर स्कूल मैदान में कई वर्षों के अंतराल के बाद शुक्रवार को श्रावणी मेला-मीणा बाजार का भव्य आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन सरायकेला-खरसावां जिले के शिक्षाविद एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता प्रो. कालीपद सोरेन उर्फ के.पी. सोरेन ने फीता काटकर किया। आयोजनकर्ता सूरज लाल महतो उर्फ लकड़ू महतो ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
उद्घाटन समारोह में प्रो. केपी सोरेन के साथ सुखलाल महतो, वरिष्ठ नेता जगदीश नारायण चौबे, इंद्रकांत झा, वाणी विद्या मंदिर स्कूल के अध्यक्ष इंद्रजीत महतो, चंपई मंडल, विपेंद्र राय, शिवराम पान, श्याम महतो समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उद्घाटन के बाद मुख्य अतिथि ने मेला परिसर का भ्रमण कर विभिन्न दुकानों, झूलों और मनोरंजन के साधनों का जायजा लिया। उन्होंने मेले में पहुंचे ग्रामीणों से मुलाकात कर आयोजन की सराहना की।
बच्चों में दिखा खासा उत्साह
कई वर्षों बाद गम्हरिया में श्रावणी मेला आयोजित होने से स्थानीय ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ मेला घूमने पहुंचे। खासकर बच्चों में मेले को लेकर काफी उत्साह रहा। रंग-बिरंगे झूले, खिलौने, खान-पान की दुकानें और मनोरंजन के विभिन्न साधन बच्चों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने रहे।
शाम होते-होते मेला परिसर में लोगों की भीड़ बढ़ गई। बच्चों की खुशी और ग्रामीणों के उत्साह से पूरा परिसर उत्सवी माहौल में बदल गया। लोगों ने परिवार के साथ मेले का आनंद लेने के साथ विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लिया तथा झूलों और मनोरंजन के अन्य साधनों का लुत्फ उठाया।
आयोजक ने जताया आभार
मेला आयोजनकर्ता सूरज लाल महतो उर्फ लकड़ू महतो ने कहा कि कई वर्षों के बाद गम्हरिया में श्रावणी मेला आयोजित होने से स्थानीय लोगों को मनोरंजन के साथ आपसी मेलजोल का अवसर मिला है। उन्होंने मेले में पहुंचे ग्रामीणों, अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
लंबे अंतराल के बाद आयोजित इस श्रावणी मेला-मीणा बाजार में ग्रामीणों और बच्चों की उमड़ी भीड़ ने आयोजन को खास बना दिया। मेले को लेकर क्षेत्र के लोगों में खुशी और उत्साह का माहौल रहा।


