Campus Boom.
पीएम श्री उच्च विद्यालय, खुकडाडीह के प्रधानाध्यापक अरुण कुमार की पहल पर शुक्रवार को कक्षा 9वीं एवं 10वीं की छात्राओं के लिए “किशोरवय संबंध, रिश्तों की समझ, युवाओं में डिप्रेशन एवं मोबाइल की लत से बचाव” विषय पर विशेषज्ञ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक संस्था निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार ने विशेषज्ञ के रूप में छात्राओं से संवाद किया।
करीब तीन घंटे तक चले इस संवाद कार्यक्रम में लगभग 140 छात्राओं ने भाग लिया। तरुण कुमार ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलाव, विपरीत लिंग के प्रति आकर्षण, रिश्तों की समझ, जीवन लक्ष्य निर्धारण तथा मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि किशोरावस्था में आकर्षण स्वाभाविक है, लेकिन विद्यार्थियों को अपने जीवन के लक्ष्य तय कर उसी दिशा में मेहनत करनी चाहिए।
कार्यशाला में डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित और सकारात्मक उपयोग, मोबाइल की लत से बचाव, सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने के जोखिम तथा किसी भी मानसिक या व्यक्तिगत समस्या की स्थिति में परिवार, शिक्षकों या विशेषज्ञों से बेझिझक सहायता लेने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।
संवाद के दौरान छात्राओं ने अपने अनुभव और जिज्ञासाएं साझा कीं। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को उपयोगी बताते हुए भविष्य में छात्र-छात्राओं दोनों के लिए इस प्रकार के जागरूकता सत्र आयोजित करने की आवश्यकता जताई।
प्रधानाध्यापक अरुण कुमार ने कहा कि किशोरावस्था से जुड़े विषयों पर बच्चों से खुलकर संवाद करना समय की आवश्यकता है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें सही निर्णय लेने के लिए भी प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में शिक्षिका भारती दुबे, बेबी मार्डी, रेशमा परवीन सहित विद्यालय की अन्य शिक्षिकाएं भी उपस्थित थीं।


