Campus Boom.
जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज के कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित दो दिवसीय ‘सावन महोत्सव-2026’ का शुभारंभ शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद कॉन्फ्रेंस हॉल (पीजी ब्लॉक) में उत्साह और उल्लास के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. कृष्णा प्यारे ने की, जबकि आयोजन का संचालन कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ की समन्वयक डॉ. अंतरा कुमारी के निर्देशन में हुआ।
पहले दिन मेहंदी, पुष्प रंगोली, फूड स्टॉल, काव्य-पाठ तथा सावन क्वीन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, कलात्मक अभिरुचि और साहित्यिक प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। काव्य-पाठ प्रतियोगिता में सावन, प्रकृति, प्रेम और सामाजिक सरोकार जैसे विषयों पर प्रस्तुत कविताओं ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण सावन क्वीन प्रतियोगिता रही, जिसमें बी.एड. विभाग की अस्मिता डे विजेता चुनी गईं। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा महोत्सव के दूसरे दिन की जाएगी।
मेहंदी, पुष्प रंगोली और फूड स्टॉल प्रतियोगिताओं के निर्णायक के रूप में डॉ. मंगला श्रीवास्तव, डॉ. ए.के. झा, डॉ. स्वाति वत्स, डॉ. सुमन शर्मा और डॉ. अनुपम उपस्थित रहे। काव्य-पाठ प्रतियोगिता के निर्णायक डॉ. राजेश कुमार और डॉ. रुचिका तिवारी थे, जबकि सावन क्वीन प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. पास्कल बेग और डॉ. अंतरा कुमारी ने किया। कार्यक्रम के समन्वय में डॉ. सबिता पॉल, डॉ. शोभा, डॉ. पूनम, डॉ. दुर्गा तामसोय तथा डॉ. प्रियंका सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। पूरे महाविद्यालय परिसर में सावन महोत्सव को लेकर उत्सव और उमंग का वातावरण बना रहा।


