Campus Boom.
आईएचसीएल (ताज होटल्स) के विवांता जमशेदपुर ने अपने अतिथियों एवं शहरवासियों के लिए अत्याधुनिक जिम, स्पा, सैलून और स्टीम रूम का शुभारंभ किया। गुरुवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में टाटा स्टील के चीफ, सेफ्टी नीरज सिन्हा ने मुख्य अतिथि के रूप में नई वेलनेस सुविधाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर होटल के वरिष्ठ अधिकारी, विशिष्ट अतिथि एवं व्यावसायिक सहयोगी उपस्थित रहे।
होटल प्रबंधन के अनुसार नई वेलनेस सुविधाओं को इस प्रकार विकसित किया गया है कि होटल में ठहरने वाले अतिथियों के साथ-साथ शहर के लोग भी एक ही परिसर में फिटनेस, विश्राम और व्यक्तिगत ग्रूमिंग से जुड़ी विश्वस्तरीय सेवाओं का लाभ उठा सकें।
मुख्य अतिथि नीरज सिन्हा ने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। उन्होंने कहा कि विवांता जमशेदपुर की यह पहल लोगों को अपने स्वास्थ्य और जीवनशैली के प्रति जागरूक करेगी तथा शहर के आतिथ्य उद्योग को नई पहचान देगी।
समारोह का मुख्य आकर्षण लगभग 2,500 वर्गफुट में विकसित अत्याधुनिक जिम रहा। आधुनिक फिटनेस मशीनों और विभिन्न वर्कआउट जोन से सुसज्जित इस जिम को सभी आयु वर्ग के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यहां स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, कार्डियो एक्सरसाइज और संपूर्ण फिटनेस के लिए आधुनिक एवं प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराया गया है।
वेलनेस सेंटर में दो विशेष ट्रीटमेंट रूम वाला आधुनिक स्पा भी विकसित किया गया है, जहां प्रशिक्षित थेरेपिस्ट रिलैक्सेशन, रीजुवेनेशन और वेलनेस थेरेपी की सेवाएं प्रदान करेंगे। स्पा का वातावरण इस प्रकार तैयार किया गया है कि अतिथियों को मानसिक शांति और तनावमुक्त अनुभव मिल सके।
इसके अलावा परिसर में दो अत्याधुनिक स्टीम रूम भी बनाए गए हैं, जहां व्यायाम या स्पा थेरेपी के बाद अतिथि स्टीम थेरेपी का लाभ उठा सकेंगे। साथ ही एक आधुनिक एवं पूर्णतः सुसज्जित सैलून की भी शुरुआत की गई है, जहां हेयर, ब्यूटी और ग्रूमिंग से जुड़ी प्रीमियम सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
होटल प्रबंधन ने कहा कि विवांता जमशेदपुर अपने अतिथियों को लगातार बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जिम, स्पा, स्टीम रूम और सैलून जैसी नई सुविधाओं की शुरुआत होटल की वेलनेस, लग्जरी और उत्कृष्ट आतिथ्य सेवाओं के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।
उद्घाटन समारोह के बाद अतिथियों ने नवस्थापित जिम, स्पा, स्टीम रूम और सैलून का भ्रमण किया तथा वेलनेस टीम से विभिन्न सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।


