Campus Boom.
पोटका प्रखंड के सुदूर ग्रामीण क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, टांगराईन के विद्यार्थियों के लिए शनिवार का दिन जीवनभर याद रहने वाला बन गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार तिवारी की पहल पर 24 बच्चों ने पहली बार जमशेदपुर के पीएम मॉल का भ्रमण किया और बड़े पर्दे पर सुपरहीरो फिल्म “स्पाइडर-मैन” का आनंद लिया। मॉल की भव्यता, आधुनिक सुविधाएं और सिनेमाघर का अनुभव बच्चों के लिए किसी सपने के सच होने जैसा था।
प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार तिवारी ने बताया कि भ्रमण के लिए विद्यार्थियों का चयन परीक्षा के अंकों के आधार पर नहीं, बल्कि उनकी अच्छी आदतों और सकारात्मक उपलब्धियों के आधार पर किया गया। किसी छात्र ने धाराप्रवाह पहाड़ा सुनाकर, किसी ने अंग्रेजी शब्दों के अर्थ बताकर, किसी ने नियमित रूप से जूते पहनकर विद्यालय आने की आदत से तो किसी ने विद्यालय के किचन गार्डन की बेहतर देखभाल कर इस विशेष अवसर को हासिल किया।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों को उनकी छोटी-छोटी उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें ग्रामीण परिवेश से बाहर की दुनिया से परिचित कराना था। उनका मानना है कि जब ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे शहर की आधुनिक सुविधाओं और नए वातावरण को करीब से देखते हैं, तो उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और उनके सपनों को नई उड़ान मिलती है।
पहली बार मॉल और मल्टीप्लेक्स पहुंचे बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। एस्केलेटर पर चढ़ना, रंग-बिरंगी दुकानों को निहारना और विशाल स्क्रीन पर “स्पाइडर-मैन” के रोमांचक दृश्य देखना उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव बन गया। पूरे भ्रमण के दौरान बच्चे खुशी से झूमते, मुस्कुराते और अपने अनुभव एक-दूसरे के साथ साझा करते रहे।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए इस तरह की प्रेरक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन जारी रखा जाएगा।


