Campus Boom
छोटा गोविंदपुर स्थित वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में कृष्ण बॉयज कमेटी द्वारा आयोजित होने वाले 19वें श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पूजा पंडाल का भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस वर्ष पूजा पंडाल का निर्माण दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले की तर्ज पर किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि 4 से 11 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस सात दिवसीय महोत्सव में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। महोत्सव के दौरान सात दिवसीय मेला, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पूजा, राधा बनो कृष्ण प्रतियोगिता, भक्ति संध्या एवं जागरण, दही-हांडी प्रतियोगिता सहित कई आकर्षक कार्यक्रम होंगे।
समिति के महासचिव एवं मीडिया प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि कृष्ण बॉयज कमेटी पिछले 19 वर्षों से क्षेत्र में धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष महोत्सव को और अधिक भव्य एवं यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। समिति का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को भी बढ़ावा देना है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष राकेश सिंह, उपाध्यक्ष गुड्डू सिंह एवं विकास सिंह, महासचिव विजय कुमार एवं गणेश यादव, सचिव अभय सिंह एवं चंदन सिंह, कोषाध्यक्ष आलोक सिंह, नाइक (परविंदर) एवं कृष्णा मुरारी, संयोजक अंकुर कुमार, मीडिया प्रभारी अजीत सिंह राजपूत सहित समिति के अन्य सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित थे।
समिति ने क्षेत्रवासियों से महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।


