Campus Boom.
नशा मुक्ति अभियान के तहत बर्मामाइंस थाना पुलिस ने शनिवार को थाना प्रभारी कुमार सरयू आनंद के नेतृत्व में धोबी घाट मुस्लिम बस्ती एवं आश्रम क्षेत्र में जनजागरूकता पैदल मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।
पैदल मार्च के दौरान थाना प्रभारी कुमार सरयू आनंद ने बस्तीवासियों की समस्याएं भी सुनीं और भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि समाज की भागीदारी से युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है।
स्थानीय लोगों ने भी नशा मुक्ति अभियान का समर्थन करते हुए पुलिस को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। बस्तीवासियों ने कहा कि नशे की समस्या से सामाजिक माहौल प्रभावित होता है, इसलिए इसे जड़ से समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक है।
थाना प्रभारी ने कहा कि बर्मामाइंस थाना क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। आने वाले दिनों में नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध और सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में अमन, शांति, सुरक्षा और सौहार्द का वातावरण कायम रहे।
अभियान में धोबी घाट मुस्लिम बस्ती एवं आश्रम क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय निवासी शामिल हुए। सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए पुलिस के इस जनहितकारी अभियान की सराहना की।


